भीषण गर्मी में चरमराई बिजली व्यवस्था, 33 केवी लाइन में फाल्ट से डेढ़ सौ गांव परेशान | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

भीषण गर्मी में चरमराई बिजली व्यवस्था, 33 केवी लाइन में फाल्ट से डेढ़ सौ गांव परेशान

Date : 20-May-2026

 औरैया, 20 मई। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भीषण गर्मी के बीच जिले की बिजली व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई है। केशमपुर विद्युत उपकेंद्र से फफूंद कस्बे समेत ग्रामीण क्षेत्रों को होने वाली आपूर्ति लगातार बाधित होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। असेनी-केशमपुर 33 केवी लाइन पर चपटा विद्युत स्टेशन का अतिरिक्त लोड पड़ने से आए दिन फाल्ट और ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है।

बीते 24 घंटे के दौरान असेनी से केशमपुर आने वाली 33 केवी लाइन के तार दो बार टूट गए। इससे कस्बे सहित करीब डेढ़ सौ से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति पांच से सात घंटे तक ठप रही। बिजली गुल होते ही भीषण गर्मी में लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया। घरों में लगे पंखे और कूलर बंद हो गए, वहीं पेयजल संकट भी गहरा गया। लो-वोल्टेज की समस्या के कारण पानी की मोटरें नहीं चल सकीं, जिससे लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा।

क्षेत्रीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। राष्ट्रीय कोरी कोली जागृति महासभा के अध्यक्ष बेचेलाल कोरी, सुबहान, राजेंद्र सिंह, शिवकुमार, रामकुमार और राजोल तिवारी ने चपटा लाइन को अलग किए जाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि अलग फीडर होने से ओवरलोड की समस्या कम होगी और बिजली व्यवस्था में सुधार आएगा।

अवर अभियंता धीरेन्द्र प्रताप ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण बिजली की मांग बढ़ने से लाइन पर लोड अधिक हो गया था, जिससे फाल्ट की स्थिति बनी। खराबी को दुरुस्त कर आपूर्ति सुचारु करा दी गई है। साथ ही लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement