मप्रः राज्य वित्त आयोग आज ग्वालियर में, पवैया की अध्यक्षता में होंगी महत्वपूर्ण बैठकें | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मप्रः राज्य वित्त आयोग आज ग्वालियर में, पवैया की अध्यक्षता में होंगी महत्वपूर्ण बैठकें

Date : 20-May-2026

 ग्वालियर, 20 मई । मध्य प्रदेश का नवगठित छठवां राज्य वित्त आयोग आज बुधवार को ग्वालियर प्रवास पर रहेगा। यहां राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों एवं संभाग स्तरीय बैठकें आयोजित होंगी।

इस दौरान वित्त आयोग द्वारा स्थानीय स्वशासी संस्थाओं की वित्तीय स्थिति, पारदर्शिता, गुणवत्ता तथा आर्थिक स्वावलंबन के संबंध में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से सुझाव प्राप्त किए जाएंगे। ग्वालियर आ रहे राज्य वित्त आयोग के दल में आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया, सदस्य केके सिंह एवं सदस्य सचिव वीरेन्द्र कुमार शामिल हैं।

जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया की अध्यक्षता में प्रात: 11.30 बजे व्हीआईपी सर्किट हाउस मुरार पर जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में ग्वालियर जिले के मंत्रिगण, सांसद व विधायकगण, महापौर, नगर निगम सभापति, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं स्थानीय नगरीय निकाय व पंचायत राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों से वित्तीय स्थिति पर चर्चा की जायेगी एवं जनप्रतिनिधियों के सुझाव लिए जाएंगे।

इसके बाद राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष पवैया की अध्यक्षता में दोपहर 2.30 बजे चंद्रबदनी नाका के समीप स्थित संभाग आयुक्त कार्यालय के सभागार में संभागीय आयुक्त, ग्वालियर संभाग के विभिन्न जिलों के कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त ग्वालियर एवं ग्वालियर संभाग के समस्त जिला मुख्यालयों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों की बैठक होगी।

बैठक में निकायों के मूल दायित्वों, स्वच्छता, पेयजल, विकास कार्यों की गुणवत्ता तथा स्वयं के राजस्व स्रोतों में वृद्धि के उपायों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही नगरीय एवं पंचायत क्षेत्रों में सहकारिता आधारित नवाचारों पर भी चर्चा होगी।

वित्त आयोग का दल 21 मई को मुरैना में चंबल संभाग के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक करेगा। दौरे के दौरान आयोग द्वारा केंद्र एवं राज्य पोषित योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानने के लिए औचक निरीक्षण भी किया जाएगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement