नई दिल्ली, 01 जून । केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्य एवं खेलमंत्री मनसुख मांडविया के जन्मदिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर कहा कि मनसुख मांडविया खेल अवसंरचना के विकास और युवा शक्ति के कल्याण के लिए उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले श्रमिकों के हितों को आगे बढ़ाने में भी मांडविया अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने उनके दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना की।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने केंद्रीय मंत्री को जन्मदिवस की बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मांडविया सार्वजनिक जीवन में समर्पण और सेवा की भावना के साथ कार्य कर रहे हैं।
केंद्रीय गृह और सहकारितामंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मनसुख मांडविया श्रमिकों के कल्याण तथा देश में खेल संस्कृति और खेल अवसंरचना के विकास की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी केंद्रीय मंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि श्रमिकों के कल्याण, रोजगार सृजन, युवाओं के सशक्तिकरण और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में उनका योगदान अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने ईश्वर से मांडविया के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की प्रार्थना की।
उल्लेखनीय है कि 1 जून 1972 को गुजरात के भावनगर जिले में जन्मे मांडविया छात्र जीवन से ही सामाजिक और सार्वजनिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे वर्ष 2012 में राज्यसभा सदस्य बने और बाद में केंद्र सरकार में विभिन्न मंत्रालयों की जिम्मेदारियां संभालीं।
