प्रधानमंत्री के 12 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री धामी ने दी बधाई | The Voice TV

Quote :

"आपका समय सीमित है, इसलिए इसे किसी और की जिंदगी जीकर बेकार मत करो। - स्टीव जॉब्स "

National

प्रधानमंत्री के 12 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री धामी ने दी बधाई

Date : 10-Jun-2026

 देहरादून, 10 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर उनके सफल नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने और देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने पर देवभूमि उत्तराखंड की जनता की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने अपने पत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

मुख्यमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत अभियान, डिजिटल इंडिया, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, जीएसटी व्यवस्था और रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देने जैसे निर्णयों को देश के विकास में मील का पत्थर बताया। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान संचालित व्यापक टीकाकरण अभियान और ‘वैक्सीन मैत्री’ पहल को भारत के वैश्विक नेतृत्व का उदाहरण कहा।

पत्र में मुख्यमंत्री ने राष्ट्र की सुरक्षा, सैनिकों के सम्मान, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और सनातन सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण के लिए प्रधानमंत्री के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने राममंदिर, अयोध्या, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और केदार मंदिर पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों को देश के सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के प्रति प्रधानमंत्री के विशेष सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में केदारनाथ और बदरीनाथ धाम पुनर्विकास, चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे, रोपवे परियोजनाओं, वंदे भारत एक्सप्रेस और सीमांत क्षेत्रों के विकास कार्यों को नई गति मिली है।

उन्होंने लखवाड़, सौंग व्यासी और जमरानी बहुद्देशीय बांध परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके पूरा होने से राज्य की पेयजल और सिंचाई संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति होगी और लाखों लोगों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को प्राप्त कर विश्व मंच पर और अधिक सशक्त पहचान स्थापित करेगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement