सरसंघचालक आज शाम पहुंचेंगे उदयपुर | The Voice TV

Quote :

"अपने जीवन को खुद ही बदलना होगा, दूसरों का इंतजार मत करो।" - स्वामी विवेकानंद

National

सरसंघचालक आज शाम पहुंचेंगे उदयपुर

Date : 16-Jun-2026

 उदयपुर (राजस्थान), 16 जून । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत मंगलवार शाम उदयपुर पहुंचेंगे। वे बुधवार को यहां प्रताप गौरव केंद्र 'राष्ट्रीय तीर्थ' के तत्वावधान में महाराणा प्रताप जयंती व हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतुः शती समारोह के अंतर्गत महाराणा भूपाल स्टेडियम गांधी ग्राउंड में होने जा रही राष्ट्र चेतना संकल्प सभा को सम्बोधित करेंगे।

प्रताप गौरव केंद्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि सरसंघचालक दिल्ली से वायुयान द्वारा आज मंगलवार शाम साढ़े सात बजे महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे साढ़े आठ बजे प्रताप गौरव केन्द्र 'राष्ट्रीय तीर्थ' पहुंचेंगे। उनका रात्रि विश्राम वहीं रहेगा।

बुधवार प्रातः गौरव केंद्र में कार्यक्रम में भाग लेंगे, उसके बाद गांधी ग्राउंड में होने वाली राष्ट्र चेतना संकल्प सभा को संबोधित करेंगे। यहां से वे पुनः गौरव केंद्र पहुंचेंगे, वहां एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वे एयरपोर्ट प्रस्थान करेंगे। इसके बाद वे मुंबई के लिए रवाना हो जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अंतर्गत संचालित प्रताप गौरव केन्द्र 'राष्ट्रीय तीर्थ' के तत्वावधान में गत एक वर्ष से मनाए जा रहे हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह के तहत यह विशाल राष्ट्र चेतना संकल्प सभा हो रही है।

इसी के तहत, महाराणा प्रताप जयंती की पूर्व संध्या पर आज सायंकाल 5.15 बजे प्रताप गौरव केन्द्र 'राष्ट्रीय तीर्थ' में स्थित 57 फीट ऊंची बैठक प्रतिमा का दुग्धाभिषेक किया जाएगा।

हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह के संयोजक सीए डॉ. महावीर चपलोत ने बताया कि अतिविशिष्ट जन (गोल्डन निमंत्रण पत्र) व साधु—संत प्रवर (भगवा निमंत्रण पत्र) का प्रवेश गेट क्रमांक — एक (लवकुश स्टेडियम वाला) से रहेगा। उनकी पार्किंग भी उसी ओर रहेगी।

विशिष्टजन (नीला निमंत्रण पत्र) का प्रवेश गुरु गोविन्द सिंह (लम्बरदार) स्कूल की तरफ गेट—3बी से रहेगा। उनके वाहनों की पार्किंग झरिया मार्ग पर रहेगी। झरिया मार्ग से उन्हें आयोजन स्थल तक लाने के लिए गोल्फ कार्ट उपलब्ध रहेगी।

अतिविशिष्ट व विशिष्टजन पार्किंग में वे ही वाहन रह सकेंगे जिन पर आयोजन का वाहन पास लगा हुआ होगा। वाहन पास निमंत्रण पत्र के साथ ही प्रदान किए गए हैं। प्रबुद्धजन, प्रमुखजन, प्रेस—मीडिया, कार्यकर्ता व अन्य का प्रवेश गेट क्रमांक दो (पहाड़ी बस स्टैंड) व लम्बरदार स्कूल की ओर गेट नंबर—3ए से रहेगा। उदयपुर शहर से आने वाले प्रमुखजनों की दोपहिया पार्किंग पहाड़ी बस स्टैंड, सूचना केन्द्र, मोहता पार्क, एमबी हॉस्पिटल मार्ग पर रहेगी।

उदयपुर शहर से आने वाले प्रमुखजनों की चारपहिया पार्किंग फील्ड क्लब, मधुबन, लोक कला मंडल, भट्टजी की बाड़ी, दैत्यमगरी—रेलवे कॉलोनी मार्ग पर रहेगी। अन्य शहरों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग फतह स्कूल व विद्या भवन (देवाली) प्रांगण में रहेगी। इन दोनों स्थानों से गांधी ग्राउंड तक आने के लिए अलग से वाहनों की व्यवस्था रहेगी।

विद्या भवन से आयोजन स्थल तक विशेष वाहन सहेलियों की बाड़ी, यूडीए सर्कल होते हुए आकाशवाणी कार्यालय पहुंचेंगे। इसी तरह, फतह स्कूल से आयोजन स्थल तक विशेष वाहन कुम्हारों का भट्टा, दुर्गा नर्सरी रोड, शास्त्री सर्कल, कोठारी भवन, बंसी पान, एमजी कॉलेज होते हुए आकाशवाणी कार्यालय पहुंचेगी। इन विशेष वाहनों पर आयोजन के बैनर लगे होंगे। इनका उपयोग उदयपुर शहर के प्रबुद्धजन भी आयोजन में आने के लिए कर सकेंगे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement