राजस्थान के 26 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट | The Voice TV

Quote :

"अपने जीवन को खुद ही बदलना होगा, दूसरों का इंतजार मत करो।" - स्वामी विवेकानंद

National

राजस्थान के 26 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

Date : 16-Jun-2026

 जयपुर, 16 जून । राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां जोर पकड़ने लगी हैं। प्रदेशभर में लगातार आंधी और बारिश का दौर जारी रहने से भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। कई शहरों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।


मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 7 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 19 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।

सोमवार को चूरू, सीकर, जयपुर और अलवर समेत कई जिलों में तेज आंधी चली और हल्की से मध्यम बारिश हुई। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के कई इलाकों में भी तूफानी बारिश हुई।

चूरू जिले के सरदारशहर में दोपहर के समय रेत के विशाल बवंडर ने पूरे शहर को अपनी चपेट में ले लिया। धूल के घने गुबार से करीब 20 मिनट तक दिन में ही अंधेरा छा गया। इसके बाद चूरू और सादुलपुर में मध्यम बारिश हुई। तेज आंधी से ग्रामीण क्षेत्रों में 11 केवी के तीन बिजली पोल टूट गए और एक ट्रांसफार्मर भी जल गया।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान फलोदी में 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जैसलमेर में 41.3, बाड़मेर में 40.6, टोंक के वनस्थली में 40, दौसा में 39.5, बीकानेर में 39.2 और कोटा में 39 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया।

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में अच्छी बारिश हुई है, जबकि जोधपुर संभाग में अब भी सामान्य से कम बारिश हुई है।

दिल्ली में खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। मौसम बिगड़ने के कारण चार घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को जयपुर एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। इनमें रांची-दिल्ली एयर इंडिया एक्सप्रेस, वेंकूवर-दिल्ली एयर इंडिया, चीन से दिल्ली आने वाली एक अंतरराष्ट्रीय कार्गो फ्लाइट और इंडोनेशिया के डेंपसर से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान शामिल रही।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहने की संभावना है, जिससे कई इलाकों में तेज आंधी और बारिश का दौर बना रह सकता है।
 

RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement