श्रीलंका में आम चुनावों के लिए प्रचार अभियान कल आधी रात को समाप्त हो गया, क्योंकि द्वीप राष्ट्र ने मौन अवधि में प्रवेश कर लिया है। श्रीलंका में चुनाव कानूनों के अनुसार अब चुनाव के दिन तक सभी प्रचार गतिविधियाँ प्रतिबंधित हैं।
आकाशवाणी के संवाददाता ने बताया कि आम चुनाव के लिए मतदान गुरुवार को सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे के बीच 13,400 से ज़्यादा मतदान केंद्रों पर होगा, जहाँ 17 मिलियन मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। 22 निर्वाचन जिलों और 29 राष्ट्रीय सूची सीटों की 196 सीटों के लिए 8800 से ज़्यादा उम्मीदवार मैदान में हैं।
चुनाव आयोग ने कहा है कि पूरे द्वीप में चुनाव प्रक्रिया के लिए 75000 से ज़्यादा पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। उम्मीद है कि राष्ट्रपति दिसानायके के नेतृत्व में ये चुनाव देश के राजनीतिक भविष्य की दिशा तय करेंगे। श्रीलंका ने इस साल सितंबर में एनपीपी उम्मीदवार अनुरा कुमारा दिसानायके को राष्ट्रपति चुना था। पद संभालने के कुछ दिनों बाद ही दिसानायके ने संसद को भंग कर दिया और जल्द चुनाव कराने का रास्ता साफ कर दिया।
