किसमें कितना दमः महाराष्ट्र व झारखंड विस चुनाव नतीजे आज, सुबह 8 बजे मतों की गिनती शुरू | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

International

किसमें कितना दमः महाराष्ट्र व झारखंड विस चुनाव नतीजे आज, सुबह 8 बजे मतों की गिनती शुरू

Date : 23-Nov-2024

 48 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे भी आज घोषित होंगे

नई दिल्ली, 23 नवंबर ।
दो राज्यों महाराष्ट्र व झारखंड विधानसभा के लिए हुए चुनाव के बाद शनिवार सुबह 8 बजे मतों की गिनती शुरू हो गई। कुछ घंटे बाद शुरुआती रुझान आने शुरू हो जाएंगे। दोनों राज्यों में किसकी ताजपोशी होगी, दोपहर तक यह साफ हो जाएगा। इसके साथ केरल की चर्चित वायनाड और महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव एवं उत्तर प्रदेश की नौ सीटों समेत 14 राज्यों की 48 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे भी आज घोषित होंगे। इन सभी सीटों पर मतगणना शुरू हो गई है।

महाराष्ट्रः किसकी होगी ताजपोशी

महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों के लिए 20 नवंबर को हुए चुनाव में 9.7 करोड़ से ज्यादा लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। 4,136 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। भाजपा की अगुवाई वाला महायुति (भाजपा-शिवसेना-एनसीपी) गठबंधन राज्य में दोबारा सरकार बनाने की कोशिश में है। जबकि जबकि महाविकास आघाड़ी (कांग्रेस-शिवसेना यूबीटी-एनसीपी शरद पवार खेमा) सत्ता में वापसी पर नजरें गड़ाए है। आज दोपहर तक साफ हो जाएगा कि राज्य में दोनों गठबंधनों में से किसकी सरकार बनेगी।

झारखंडः किसकी बनेगी सरकार

झारखंड की 81 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों 13 नवंबर और 20 नवंबर को हुए चुनाव के नतीजे आज घोषित होंगे। इसके लिए मतों की गिनती का काम सुबह 8 बजे शुरू हो गया। झारखंड विधानसभा चुनाव में कुल 1211 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें राज्य के मौजूदा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, आजसू प्रमुख सुदेश महतो जैसे चर्चित चेहरे भी हैं। झारखंड में फिलहाल झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के नेतृत्व वाले गठबंधन की सरकार है। उसके सामने झारखंड की सत्ता बरकरार रखने की चुनौती है। जबकि राज्य की सत्ता में वापसी के लिए भाजपा ने चुनाव के दौरान पूरी मेहनत की है।

दो लोस और 48 विस सीटों पर उपचुनाव के नतीजे

दो राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों के साथ आज सुबह 8 बजे केरल की वायनाड एवं महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट और उत्तर प्रदेश की नौ सीटों समेत 14 राज्यों की 48 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए मतों की गिनती का काम भी शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश में जिन 9 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में मतों की गिनती हो रही है उनमें मीरापुर, कुन्दरकी, गाजियाबाद, खैर सुरक्षित, करहल, सीसामऊ, फूलपुर, कटेहरी और मझवां विधानसभा सीट शामिल है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement