सऊदी अरब ने हज शुरू होने से पहले भारत-पाकिस्तान, बांग्लादेश समेत 14 देशों के वीजा पर अस्थाई प्रतिबंध लगाया | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

International

सऊदी अरब ने हज शुरू होने से पहले भारत-पाकिस्तान, बांग्लादेश समेत 14 देशों के वीजा पर अस्थाई प्रतिबंध लगाया

Date : 07-Apr-2025

रियाद, 07 अप्रैल । सऊदी अरब के अधिकारियों ने हज शुरू होने से पहले 14 देशों के नागरिकों को वीजा जारी करने पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया। उमराह, व्यापार और पारिवारिक यात्रा वीजा पर यह प्रतिबंध जून के मध्य तक प्रभावी रहेगा। यह समयावधि मक्का की तीर्थयात्रा के समापन के साथ मेल खाती है। यह प्रतिबंध पाकिस्तान, भारत, बांग्लादेश, मिस्र, इंडोनेशिया, इराक, नाइजीरिया, जॉर्डन, अल्जीरिया, सूडान, इथियोपिया, ट्यूनीशिया, यमन और मोरक्को सहित 14 देशों पर लागू किया गया है।

पाकिस्तान के एआरवाई न्यूज टीवी ने सऊदी अरब के राजनयिक सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है। सऊदी अधिकारियों ने कहा कि यह प्रतिबंध उमराह, व्यवसाय और पारिवारिक वीजा पर लागू किया है। सिर्फ उमराह वीजा रखने वाले व्यक्ति 13 अप्रैल तक सऊदी अरब में प्रवेश कर सकते हैं। सऊदी अधिकारियों ने इसका कारण अनधिकृत हज भागीदारी को रोकना कहा है। अधिकारियों ने कहा कि अतीत में कई आगंतुक बहु-प्रवेश वीजा पर देश में प्रवेश करते थे और हज करने के लिए अवैध रूप से रहते थे। इससे भीड़भाड़ और सुरक्षा का जोखिम पैदा होता था। दूसरा प्रमुख कारण अवैध रोजगार करना बताया गया है। कहा गया है कि व्यवसाय और पारिवारिक वीजा का उपयोग करने वाले यात्री कथित तौर पर अनधिकृत कार्य में लगे हुए हैं। वह वीजा नियमों का उल्लंघन करते हुए श्रम बाजार में व्यवधान पैदा करते हैं।

सऊदी विदेश मंत्रालय ने कहा कि अस्थायी वीजा प्रतिबंध से यात्रा नियमों को सुव्यवस्थित करने और हज के दौरान सुरक्षा उपायों को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। अधिकारियों ने जायरीनों से दंड से बचने के लिए नए नियमों का पालन करने का आग्रह किया है। सूत्रों ने संकेत दिया है कि प्रतिबंध के बावजूद सऊदी अरब में अवैध रूप से रहने वाले व्यक्तियों को भविष्य में प्रवेश पर पांच साल का प्रतिबंध झेलना पड़ सकता है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement