राष्ट्रपति मुर्मू पहुंचीं इंदौर, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने की अगवानी | The Voice TV

Quote :

" जो स्वयं पर विजय पा लेता है, उसे संसार पराजित नहीं कर सकता।"

National

राष्ट्रपति मुर्मू पहुंचीं इंदौर, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने की अगवानी

Date : 27-Sep-2023

 इंदौर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को एक दिवसीय प्रवास पर इंदौर पहुंची हैं। यहां एयरपोर्ट पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनकी अगवानी की। राष्ट्रपति मुर्मू यहां ब्रिलियंट कन्वेंशनल सेंटर में चल रहे दो दिवसीय स्मार्ट सिटी कान्क्लेव में इंडिया स्मार्ट सिटीज अवार्ड प्रतियोगिता-2022 के विजेताओं को सम्मानित करेंगी। प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियों में 61 पुरस्कार दिए जा रहे हैं। इंदौर चार श्रेणियों में पहले पुरस्कार सहित सात पुरस्कारों से सम्मानित होगा।

राष्ट्रपति सुबह करीब 10.30 बजे वायुसेना के विशेष विमान से इंदौर पहुंचीं। यहां देवी अहिल्या अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर राज्यपाल पटेल और मुख्यमंत्री चौहान ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी मौजूद रहे। इसके बाद राष्ट्रपति एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से सीधे ब्रिलियंट कन्वेंशनल सेंटर के लिए रवाना हो गईं। राष्ट्रपति करीब 11 कार्यक्रम स्थल पहुंचीं, जहां वे इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, निगमायुक्त हर्षिका सिंह और स्मार्ट सिटी सीईओ दिव्यांक सिंह को सम्मानित करेंगी। इंदौर को देश की नंबर वन स्मार्ट सिटी के साथ अर्बन एनवायरनमेंट, वाटर, सेनिटेशन सहित अन्य श्रेणियों में पहला स्थान व तीन अन्य श्रेणियों में दूसरा स्थान मिला है।

इंडिया स्मार्ट सिटीज अवार्ड प्रतियोगिता-2022 की राज्यों की रैंकिंग में मध्य प्रदेश पहले नंबर पर आया है। इसके अलावा देश के अन्य शहरों के विभिन्न नवाचारों के प्रोजेक्ट्स को भी पुरस्कृत किया जाएगा। इनमें कोयंबटूर, न्यू टाउन कोलकाता, कानपुर, अहमदाबाद, भोपाल, जबलपुर, लखनऊ, चंडीगढ़, पिंपरी-चिंचवड़, उदयपुर, सूरत, आगरा, ग्वालियर, सागर, वडोदरा, शिवमोगा, राजकोट, हुबली धरवाड़, सूरत, भुवनेश्वर, कोहिमा, नामची, रांची, सोलापुर और वाराणसी शामिल हैं। देश के अन्य प्रदेशों एवं स्मार्ट सिटी के महापौर, आयुक्त, स्मार्ट सिटी के सीईओ अधिकारी इसमें शामिल होंगे। राष्ट्रपति प्रदर्शनी में विभिन्न स्मार्ट सिटीज के नवाचारों को भी देखेंगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement