सामान्य स्थिति में लौट रहा मणिपुरः डॉ. सपम रंजन | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

National

सामान्य स्थिति में लौट रहा मणिपुरः डॉ. सपम रंजन

Date : 10-May-2023

 इंफाल, 10 मई । हिंसा प्रभावित मणिपुर में सामान्य स्थिति लौट रही है, हर प्रभावित क्षेत्र में शांति कायम है। यह बात आज राज्य के सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री डॉ. सपम रंजन सिंह ने कही।

सूचना एवं जनसंपर्क राज्य मंत्री ने आज एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मणिपुर में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। लगभग सभी इलाकों में कर्फ्यू में छह घंटे की ढील दी जा रही है। लेकिन, दुर्भाग्य से इंफाल पूर्वी जिले के अंतर्गत दोलाईथाबी में असम राइफल्स और अज्ञात हथियारबंद लोगों के बीच मुठभेड़ हो गई। एक सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि 288 आग्नेयास्त्र और 6,700 गोला बारूद बरामद किए जा चुके हैं और इस संबंध में प्राथमिकी भी दर्ज कर लिया गया है।

मंत्री ने कहा, हालांकि, कानून व्यवस्था को नियंत्रण में रखने के लिए लगातार सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि हिंसा प्रभावित इलाकों में फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए राज्य सरकार प्राथमिकता के आधार पर सक्रिय है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बलों की मदद से कुल 5,300 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि बीते कल 9 मई को घोषित ग्रीष्म अवकाश के बाद राज्य के बाहर के 2,413 छात्र इंफाल से अपने गृह नगर के लिए रवाना हो गए हैं।

मंत्री डॉ. सपम रंजन सिंह ने कहा कि मणिपुर में विभिन्न स्थानों पर अब तक 209 राहत शिविर खोले जा चुके हैं। शिविरों में आश्रितों को चिकित्सा और मनोवैज्ञानिक सहायता के लिए आवश्यक सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने लम्फेलपत और खुमान लंपक स्टेडियम के राहत शिविरों में रह रहे लोगों से व्यक्तिगत तौर पर बात की। मुख्यमंत्री ने आश्रितों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

मंत्री डॉ. सपम रंजन सिंह ने राज्य के लोगों से शांति, व्यवस्था और सद्भाव बनाए रखने में सरकार का सहयोग करने का आग्रह किया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement