लोकसभा और विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेगी महाविकास आघाड़ी: जयंत पाटील | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

National

लोकसभा और विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेगी महाविकास आघाड़ी: जयंत पाटील

Date : 14-May-2023

 मुंबई, 14 मई । राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने कहा कि महाराष्ट्र में आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव महाविकास आघाड़ी एक साथ मिलकर लड़ेगी। इसके बहुत जल्द तीनों पार्टियों की बैठक होगी और सीटों का बंटवारा तय किया जाएगा।

जयंत पाटिल रविवार को मुंबई में राकांपा नेताओं की बैठक के बाद संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले और शिवसेना नेता संजय राऊत भी उपस्थित थे। पाटिल ने बताया कि कर्नाटक चुनाव परिणाम के बाद महाविकास आघाड़ी के नेताओं की एक बैठक राकांपा अध्यक्ष शरद पवार की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पार्टी के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, कांग्रेस नेता नाना पटोले, अशोक चव्हाण , जीतेंद्र आव्हाड, छगन भुजबल, अजीत पवार, सुप्रिया सुले, सुभाष देसाई आदि आला नेता उपस्थित थे। पाटिल ने बताया कि इस बैठक में कर्नाटक चुनाव, सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद विधानसभा अध्यक्ष के कामकाज, महाराष्ट्र में चल रहे भ्रष्टाचार सहित कई मुद्दों पर चर्चा की गई। तीनों मुख्य पार्टियों के नेताओं ने महाराष्ट्र में आगे होने वाले लोकसभा और विधानसभा एक साथ मिलकर लडऩे का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि महाविकास आघाड़ी की होने वाली सभाओं को फिलहाल तेज गरमी की वजह स्थगित किया गया है। वह सभी सभाएं जून महीने में होंगी। जयंत पाटिल ने कहा कि कर्नाटक की जनता से ज्यादा महाराष्ट्र की जनता परेशान है। राज्य की जनता को सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को स्पष्ट रूप से समझाया जाएगा।

इस मौके पर नाना पटोले ने कहा कि कर्नाटक की जनता ने मोदी-शाह को पूरी तरह नकार दिया है। कर्नाटक में सिर्फ 40 फीसदी कमीशन चलता था, लेकिन महाराष्ट्र में सौ फीसदी कमीशनखोरी हो रही है। सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट आदेश के बाद भी विधानसभा अध्यक्ष कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने भी कर्नाटक के जैसे ही विधायकों की तोडफ़ोड़ कर सरकार बनाया है, जनता इसका करारा जवाब देने की तैयारी कर चुकी है।

पत्रकार वार्ता में शिवसेना नेता संजय राऊत ने कहा कि आज महाविकास आघाड़ी के नेताओं की ऐतिहासिक बैठक हुई है। कर्नाटक में कांग्रेस ही नहीं पूरा देश जीता है। यह जीत आगामी चुनाव तक चलती रहेगी। महाविकास आघाड़ी में नाराजगी की भ्रामक खबरें भाजपा की ओर से ही फैलाई जा रही हैं, जो पूरी तरह से गलत हैं। मीडिया को उन खबरों की छानबीन करना चाहिए।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement