पूर्वोत्तर का विकास केन्द्र सरकार की प्राथमिकता है : नरेन्द्र तोमर | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

National

पूर्वोत्तर का विकास केन्द्र सरकार की प्राथमिकता है : नरेन्द्र तोमर

Date : 18-May-2023

 नई दिल्ली, 18 मई  केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि पूर्वोत्तर का विकास केन्द्र सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। इस दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री तोमर ने गुरुवार को त्रिपुरा के प्रसिद्ध जैविक क्वीन अनानास को दिल्ली हाट में एक समारोह के दौरान लॉन्च करते हुए कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र हम सबका मस्तक है। उसकी पहले उपेक्षा हुई थी और वहां के लिए बजट आवंटन भी कम होता था। लेकिन नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद क्षेत्र पर पूरा ध्यान दिया गया है।

तोमर ने कहा कि स्वयं प्रधानमंत्री मोदी 09 साल में 52 बार पूर्वोत्तर का दौरा कर चुके हैं। साथ ही उनके दिशा-निर्देश पर केंद्रीय मंत्री भी वहां नियमित प्रवास कर रहे हैं, जिसका उद्देश्य है कि पूर्वोत्तर की जो कोई भी कठिनाई है, तो उसे हल कर वहां विकास का मार्ग प्रशस्त किया जा सके।

तोमर ने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र में जैविक खेती में काफी सफलता हासिल हुई है। सिक्किम जैविक राज्य घोषित किया जा चुका है। वहीं त्रिपुरा भी इस राह पर अग्रसर है, जो निश्चित ही सराहनीय है। पूर्वोत्तर क्षेत्र के राज्यों में कृषि का काफी विकास हो रहा है।

इसी संदर्भ में उन्होंने आगे कहा कि वैश्विक बाजार में इस क्षेत्र के उत्पादों की अपनी पहचान बनी है और निर्यात में वृद्धि हो रही है। अब भी कृषि एवं उद्यानिकी के विकास की काफी संभावनाएं पूर्वोत्तर क्षेत्र में हैं। जैविक खेती के माध्यम से पूर्वोत्तर में किसानों को फायदा हो रहा है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement