नीतीश- तेजस्वी कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के शपथ ग्रहण में होंगे शामिल | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

National

नीतीश- तेजस्वी कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के शपथ ग्रहण में होंगे शामिल

Date : 20-May-2023

 पटना, 20 मई ।कर्नाटक में कांग्रेस सरकार का शनिवार यानी आज शपथ ग्रहण समारोह है। इसमें विपक्ष के तमाम नेताओं के साथ-साथ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी शामिल होंगे। इस शपथ ग्रहण के बहाने नीतीश कुमार जिस विपक्षी एकता की मुहिम को लेकर चल रहे हैं आज उसकी अग्नि परीक्षा भी होगी।



नीतीश कुमार की मुहिम को अग्नि परीक्षा इसलिए कहा जा रहा है, क्योंकि आज के शपथ समारोह में ये देखना दिलचस्प हो जाएगा कि विपक्षी एकता से जुड़े कितने नेता पहुंचते हैं। इससे विपक्षी एकता की मजबूती का पता चलेगा। जो नेता इस कार्यक्रम में नहीं पहुंचेंगे, तब माना जाएगा कि वे विपक्षी एकता में विश्वास नहीं करते हैं। शपथ ग्रहण समारोह से पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्षी नेताओं को एकजुट करने के लिए देशभर का दौरा किया। इसमें उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी के साथ साथ पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे, शरद पवार, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन सहित लेफ्ट के कई नेताओं से मुलाकात की थी।



मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विशेष विमान से डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के साथ कर्नाटक के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसकी पुष्टि शुक्रवार को ही दरभंगा दौरे के दौरान कर दी थी। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी बताया है कि वह कर्नाटक में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।



उल्लेखनीय है कि कर्नाटक में कांग्रेस ने पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई है। कर्नाटक में 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए 10 मई को हुए चुनाव में कांग्रेस ने 135 सीटें अपने नाम की है। वहीं, भाजपा को सिर्फ 66 और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा की पार्टी जनता दल (सेक्युलर) ने 19 सीटें मिली। कर्नाटक में कांग्रेस पूर्ण बहुमत की सरकार बना रही है। सिद्धारमैया मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे तो डीके शिवकुमार उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement