हिरोशिमा में प्रधानमंत्री ने महात्मा गांधी की प्रतिमा का किया अनावरण | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

National

हिरोशिमा में प्रधानमंत्री ने महात्मा गांधी की प्रतिमा का किया अनावरण

Date : 20-May-2023

 नई दिल्ली, 02 मई  । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को जापान के हिरोशिमा में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया। प्रतिमा मोतोयासु नदी के किनारे प्रतिष्ठित ए-बम डोम के करीब स्स्थापित की गई है। यहां हर दिन हजारों लोग (स्थानीय और पर्यटक) आते हैं।

विदेश मंत्रालय के अनुसार स्थान को शांति और अहिंसा के लिए एकजुटता के प्रतीक के रूप में चुना गया है। महात्मा गांधी ने अपना जीवन शांति और अहिंसा के लिए समर्पित कर दिया। यह स्थान वास्तव में गांधीजी के सिद्धांतों और जीवन के साथ प्रतिध्वनित होता है, जो दुनिया और उसके नेताओं को प्रेरित करता रहता है।

उल्लेखनीय है कि जी-7 शिखर सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री की यात्रा के अवसर पर भारत और जापान के बीच दोस्ती और सद्भावना के प्रतीक के रूप में भारत सरकार द्वारा हिरोशिमा शहर को महात्मा गांधी की मूर्ति भेंट की गई है। 42 इंच लंबी कांस्य प्रतिमा को पद्म भूषण राम वनजी सुतार ने तैयार किया है।

अनावरण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री के विशेष सलाहकार और संसद सदस्य नकातानी जनरल, हिरोशिमा शहर के मेयर काज़ुमी मात्सुई, हिरोशिमा सिटी असेंबली के अध्यक्ष ततसुनोरी मोटानी, हिरोशिमा के सांसद और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, भारतीय समुदाय और जापान में महात्मा गांधी के अनुयायी मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हिरोशिमा में महात्मा गांधी की मूर्ति अहिंसा के विचार को आगे बढ़ाएगी। मेरे लिए यह गर्व की बात है कि मैंने जापान के प्रधानमंत्री को जो बोधि वृक्ष उपहार में दिया था, वह यहां हिरोशिमा में लगाया गया है ताकि लोग यहां आने पर शांति के महत्व को समझ सकें।

उन्होंने कहा कि मैं हिरोशिमा में महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित करने और उसका अनावरण करने का अवसर देने के लिए जापान सरकार को धन्यवाद देना चाहता हूं। हम सभी को महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलकर विश्व कल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। महात्मा गांधी को यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस दौरान हिरोशिमा के मेयर मतसुई काजुमी ने कहा कि महात्मा गांधी ने जीवन भर अहिंसा को अपनाया। इस शहर में उनकी प्रतिमा की यह प्रस्तुति बहुत सार्थक है। हमारे विचार महात्मा गांधी की नीति से मेल खाते हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement