देवघर (झारखंड), 24 मई । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय दौरे पर बुधवार को झारखंड पहुंची। देवघर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद वे देवघर एयरपोर्ट से एयरफोर्स के विशेष विमान से दोपहर 12:00 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचीं। एयरपोर्ट पर राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनका स्वागत किया।
झारखंड पहुंचने पर मुर्मू सबसे पहले देवघर बाबा बैद्यनाथ के दरबार में गईं। मंदिर परिसर में प्रवेश करते ही राष्ट्रपति का शंखनाद के साथ स्वागत किया गया। यहां पुरोहितों ने षोडोषोपचार विधि से बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना कराई। राष्ट्रपति ने बाबा से देश की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद राज्य के मंत्री पेयजल एवं स्वच्छता विभाग मिथिलेश कुमार ठाकुर ने मंदिर श्राईन बोर्ड की तरफ से अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर राष्ट्रपति का अभिनंदन किया। देवघर में सांसद निशिकांत दुबे भी स्वागत के लिए वहां मौजूद रहे।
राज्यपाल के दौरे को लेकर रांची में तीन हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। एयरपोर्ट से राजभवन तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। चप्पे-चप्पे पर केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और राज्य पुलिस के जवान मौजूद हैं। ऊंची इमारतों से पुलिस के जवान सड़कों पर नजर रखे हुए हैं। एडीजी और सीनियर आईएएस मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
राष्ट्रपति भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद अलबर्ट एक्का चौक पर शहीद अलबर्ट एक्का की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद राजभवन रवाना होंगी।
