Quote :

" लक्ष्य निर्धारण एक सम्मोहक भविष्य का रहस्य है " -टोनी रॉबिंस

Travel & Culture

चित्रकूट के 'राम शैय्या' पर आज भी मौजूद हैं श्रीराम और सीता के शयन चिह्न

Date : 21-Apr-2023

 विश्व प्रसिद्ध पौराणिक तीर्थ चित्रकूट में भगवान नारायण (विष्णु) ने स्वयं प्रभु श्रीराम के रूप में साढ़े 11 वर्षों तक तपस्या की थी। ब्रह्मांड के इस अद्वितीय तीर्थ के कण-कण में आज भी भगवान श्रीराम के पद चिन्हों के दर्शन मिलते हैं। राम शैय्या इन्हीं पावन स्थलों में से एक है। जहां प्रभु श्रीराम ने देवी सीता के साथ शयन करते थे। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत देश भर से लाखों श्रद्धालु प्रतिवर्ष इस प्रमुख ऐतिहासिक तीर्थ स्थल के दर्शन एवं पूजन के लिए आते हैं।


अनादि,अचल एवं ऐतिहासिक पावन तीर्थ चित्रकूट भगवान श्रीराम के उपासकों के लिए अद्वितीय आध्यात्मिक ऊर्जा स्थली है। मान्यता है कि सृष्टि के रचयिता भगवान ब्रह्मा ने पतित पावनी मां मन्दाकिनी के पावन तट पर सृष्टि यज्ञ किया था। वहीं ऋषि अगस्त,अत्रि ऋषि,महर्षि वाल्मीकि आदि देवऋषियों में इस पवित्र तीर्थ में तप कर जगत का कल्याण किया था।


चित्रकूट की महिमा का बखान करते हुए डॉ. रामनारायण त्रिपाठी कहते हैं कि चित्रकूट ब्रह्मांड का सर्वश्रेष्ठ स्थल है। इसकी तुलना गोलोक से भी नहीं की जा सकती है। विंध्य पर्वत श्रृंखला के मध्य करीब 84 कोस में फैले पौराणिक धाम में सती जी की पांच सिद्ध शक्तिपीठ, पांच प्रमुख उप ज्योतिर्लिंग है। मनोकामना के पूरक कामदगिरि पर्वत के नीचे क्षीर सागर होने की बात का उल्लेख भी महर्षि वाल्मीकि द्वारा किया गया है। इसी वजह से कभी-कभी भगवान कामतानाथ जी के मुखारविंद से अमृत रूपी दुग्ध धारा का प्रवाह होता रहता है।

उन्होंने बताया कि कामदगिरि पर्वत पर ही प्रभु श्रीराम ने तपस्या कर असुरों का नाश करने की शक्तियां अर्जित की थी। चित्रकूट में ही राम शैय्या के नाम के धाम पर प्रभु श्रीराम देवी सीता के साथ शयन करते थे। इसके पास स्थित एक पहाड़ी पर अनुज लक्ष्मण पहरा देते थे।

डॉ. रामनारायण त्रिपाठी बताते हैं कि कामदगिरि पर्वत की पश्चिम दिशा में स्थित राम शैय्या के दर्शन से जन्म का पातक नष्ट हो जाता है। साथ ही इस पावन धाम के दर्शन से भगवान श्रीराम के लोक की प्राप्ति होती है। इस धाम में स्थित प्राचीन शिला में आज भी प्रभु श्रीराम और देवी सीता के शयन करने के प्रमाण आज भी मौजूद है। इसके अलावा दोनों के बीच मर्यादा रूपी धनुष की आकृति भी शिला पर बनी हुई है।

जिला पर्यटन अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव का कहना है कि चित्रकूट के सभी धार्मिक,आध्यात्मिक और ऐतिहासिक महत्त्व से जुड़े स्थलों के पर्यटन विकास के लिए शासन-प्रशासन द्वारा निरंतर कार्य किया का रहा है। 'राम शैय्या' चित्रकूट का प्रमुख पर्यटन स्थल है। यहां की प्राचीन शिलाओं पर भगवान श्रीराम और सीता के शयन चिह्न आज भी मौजूद रहे। जल्द ही इस प्राचीन स्थल को विकसित किया जायेगा।

कैसे पहुंचे 'राम शैय्या'

राम शैय्या चित्रकूट से करीब 7 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। खोही-भरतकूप मार्ग पर यह जगह कामदगिरि पर्वत से आगे है। रास्ते में आपको खूबसूरत पहाड़ों का दृश्य देखने के लिए मिलता है। मंदिर मुख्य सड़क पर स्थित है। मंदिर के सामने कुआं बना हुआ है, जो प्राचीन है। आप मंदिर में जाते हैं,तो आपको 'राम शैय्या शिला' देखने के लिए मिलती है।

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement