Quote :

किसी भी व्यक्ति की वास्तविक स्थिति का ज्ञान उसके आचरण से होता हैं।

International

नेपाल: प्रचण्ड की चेतावनी- जरूरत पड़ी तो फिर से राजनीतिक उथल पुथल करूंगा

Date : 29-Mar-2024

 काठमांडू, 29 मार्च । नेपाल में पुराने सत्ता गठबन्धन को तोड़कर नए गठबन्धन को बने अभी एक महीने भी नहीं हुए लेकिन प्रधानमंत्री पुष्पकमल दाहाल प्रचण्ड की तरफ से दी गई चेतावनी ने राजनीतिक क्षेत्र में हलचल पैदा कर दी है।



प्रधानमंत्री प्रचण्ड ने एक कार्यक्रम में कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वो फिर से राजनीतिक उथल पुथल करने की क्षमता रखते हैं। प्रचण्ड ने कहा कि यदि मुझे काम नहीं करने दिया गया या मेरे काम करने में अड़ंगा लगाया गया और राजनीतिक सौदेबाजी की गई तो मैं किसी भी समय राजनीतिक उथल पुथल कर सकता हूं। उन्होंने कहा कि मेरी प्राथमिकता जनता को अच्छे कामों की डिलवरी देना है। इसको हर हाल में पूरा करूंगा। प्रचण्ड ने वर्तमान सत्तारूढ़ गठबन्धन में रहे दलों के नेताओं को लक्षित करते हुए कहा कि यदि उन्हें सहयोग नहीं मिला तो कभी भी राजनीतिक करवट लेने से वो पीछे नहीं हटेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछली बार ना तो उनकी सरकार को संख्या को लेकर कोई खतरा था और ना ही उनका पद असुरक्षित था। इसके बावजूद उन्होंने कई चुनौतियों का सामना करते हुए रातों रात ही गठबन्धन बदल दिया था। प्रचण्ड ने कहा कि जनता को सरकार के अच्छे प्रयासों की अनुभूति हो सके, इसलिए पुराना गठबन्धन तोड़कर नया गठबन्धन बनाया था। इस बार भी यदि वही रवैया रहा तो वो फिर से उथल पुथल कर सकते हैं।

सत्तारूढ़ गठबन्धन में परिवर्तन के साथ ही विश्वास मत हासिल करने के समय संसद में प्रधानमंत्री प्रचण्ड ने रातों रात गठबन्धन करने को राजनीतिक उथल पुथल बताया था। उन्होंने कहा था कि यह तो अभी पहला उथल पुथल था। मैं जब तक जीवित रहूंगा, इस देश की राजनीति में उथल पुथल करता रहूंगा। प्रधानमंत्री प्रचण्ड की इस अभिव्यक्ति के कई मायने निकाले जा रहे हैं। विगत तीन दिनों में विपक्षी नेताओं से दो बार मुलाकात होने और वर्तमान सत्तारूढ़ गठबन्धन में प्रदेश सरकारों को लेकर कोई भी सहमति नहीं बन पाने को प्रचण्ड की नाराजगी का नतीजा भी बताया जा रहा है।

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement