रोमानिया में राष्ट्रपति चुनाव दोबारा शुरू, राजनीतिक संकट के बाद फिर से जनता की राय पर निगाहें | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

International

रोमानिया में राष्ट्रपति चुनाव दोबारा शुरू, राजनीतिक संकट के बाद फिर से जनता की राय पर निगाहें

Date : 04-May-2025

रोमानिया में आज राष्ट्रपति चुनाव के लिए दोबारा मतदान हो रहा है, जो देश के लिए एक अहम राजनीतिक क्षण है। पिछले वर्ष हुए चुनाव को देश की शीर्ष अदालत ने धोखाधड़ी और अनियमितताओं के चलते रद्द कर दिया था, जिससे राजनीतिक संकट गहरा गया था।

भारतीय समयानुसार मतदान रात 11:30 बजे तक जारी रहेगा। इस बार के चुनाव में राष्ट्रवादी पार्टी AUR के नेता जॉर्ज सिमियन का मुकाबला तीन प्रमुख मध्यमार्गी उम्मीदवारों से है—बुखारेस्ट के मेयर निकुसोर डैन, उदारवादी क्रिन एंटोनस्कु और स्वतंत्र उम्मीदवार एलेना लास्कोनी। इनके अतिरिक्त सात अन्य उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं।

अगर किसी भी उम्मीदवार को 50 प्रतिशत से अधिक वोट नहीं मिलते हैं, तो 18 मई को रनऑफ यानी पुनर्मतदान कराया जाएगा।

यह चुनाव केवल रोमानिया के लिए ही नहीं, बल्कि अमेरिका, यूरोपीय संघ, यूक्रेन और रूस जैसे अंतरराष्ट्रीय हितधारकों के लिए भी अहम माना जा रहा है। नाटो सदस्य होने के नाते रोमानिया यूक्रेन युद्ध में सैन्य ठिकानों, अनाज परिवहन और पायलट प्रशिक्षण के ज़रिये अहम भूमिका निभा रहा है।

देशभर में 18,000 से अधिक मतदान केंद्र खोले गए हैं, जबकि विदेशों में रह रहे रोमानियाई प्रवासियों के लिए लगभग 1,000 केंद्र स्थापित किए गए हैं। खास तौर पर स्पेन, इटली और यूके में रह रहे प्रवासी मतदाता चुनाव के नतीजों में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।

पिछले वर्ष नवंबर 2024 में हुए चुनाव को इस कारण रद्द कर दिया गया था क्योंकि दक्षिणपंथी बाहरी उम्मीदवार कैलिन जॉर्जेसकु पर चुनावी अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगे थे। वे उस समय पहले स्थान पर थे, लेकिन इस बार उन्हें चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित कर दिया गया है। 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement