संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने यमन के हौथी सशस्त्र समूह द्वारा लाल सागर में नागरिक जहाजों पर हमलों की पुनः शुरुआत को लेकर कड़ी निंदा की है। यह बयान उस घटना के बाद आया जिसमें दो वाणिज्यिक जहाज डूब गए और कम से कम चार चालक दल के सदस्यों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि यह घटना इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग में सुरक्षा की स्थिति को और भी खतरनाक बना रही है। उन्होंने बताया कि 15 से अधिक चालक दल के सदस्य लापता हैं, और इस बीच महासचिव गुटेरेस ने हौथी समूह से खोज और बचाव अभियानों में कोई बाधा न डालने का आग्रह किया है।
गुटेरेस ने अंतर्राष्ट्रीय कानून और मानवाधिकार सिद्धांतों के सम्मान की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि सभी पक्षों को हर समय इनका पालन करना चाहिए।
बता दें कि नवंबर 2023 से अब तक हौथियों द्वारा लाल सागर और अदन की खाड़ी में करीब 70 व्यापारी जहाजों को मिसाइल, ड्रोन और छोटी नौकाओं से निशाना बनाया जा चुका है, जिससे वैश्विक व्यापार और समुद्री सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
लाल सागर वैश्विक व्यापार का एक अहम समुद्री मार्ग है, और इन हमलों से क्षेत्रीय स्थिरता और मानवीय सुरक्षा पर भी व्यापक असर पड़ रहा है।