दक्षिण लेबनान में इजराइल के हमले में हिजबुल्लाह की बड़ी सुरंग नष्ट, दर्जनों आतंकी मारे गए | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

International

दक्षिण लेबनान में इजराइल के हमले में हिजबुल्लाह की बड़ी सुरंग नष्ट, दर्जनों आतंकी मारे गए

Date : 29-Apr-2026

 लेबनान/तेल अवीव, 29 अप्रैल । इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने दक्षिण लेबनान में हमला कर आतंकी समूह हिजबुल्लाह की बड़ी सुरंग को उड़ा दिया। इस हमले में दर्जनों आतंकवादी मारे गए हैं। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमले की पुष्टि की है। नेतन्याहू ने एक्स पर वीडियो साझा कर यह जानकारी दी।

प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने एक्स पर लिखा, ''आज हमने हिजबुल्लाह की एक बहुत बड़ी सुरंग को उड़ा दिया। हम उनके आतंकी ढांचे को तबाह कर रहे हैं। हमले में दर्जनों आतंकियों को मार गिराया गया है। अभी और भी बहुत कुछ होना बाकी है। '' आईडीएफ ने कहा कि दो किलोमीटर लंबी यह सुरंग दक्षिण लेबनान के कंतारा में डिवीजन 36 में थी। इसकी गहराई जमीन से 25 मीटर नीचे थी। इस सुरंग का निर्माण ईरान की मदद से हुआ था।

आईडीएफ ने बताया कि मंगलवार को 450 टन विस्फोटक की मदद से इस सुरंग को नष्ट कर दिया गया है। यह सुरंग पथरीली ग्रेनाइट चट्टान में खोदी गई थी। सुरंग के अंदर 30 कमरों थे। इस सुरंग में हथियारों का बड़ा जखीरा छुपा हुआ था। इसकी रक्षा के लिए दर्जनों आतंकवादी तैनात थे। हमले में सभी आतंकी मारे गए।

टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के अनुसार, आईडीएफ ने बताया कि मंगलवार को हिजबुल्लाह ने दक्षिण लेबनान में तैनात इजराइली सैनिकों पर ड्रोन से हमला किया। एक दिन पहले ड्रोन हमले में एक सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया था। आईडीएफ के अनुसार, मंगलवार को ही दक्षिण लेबनान में हिजबुल्लाह के एक ड्रोन हमले में रक्षा मंत्रालय का सिविलियन कॉन्ट्रैक्टर आमेर हुजिरात (44) मारा गया। इस हमले में ठेकेदार का बेटा भी छर्रे लगने से घायल हो गया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement