नेपाल की गूगल क्लाउड के साथ साझेदारी, बीरगंज और काठमांडू में बनेंगे डेटा सेंटर | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

International

नेपाल की गूगल क्लाउड के साथ साझेदारी, बीरगंज और काठमांडू में बनेंगे डेटा सेंटर

Date : 07-May-2026

 काठमांडू, 07 मई । अमेरिकी बहुराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी कंपनी गूगल क्लाउड के साथ साझेदारी में काठमांडू और बीरगंज में डेटा सेंटर स्थापित किए जाने वाले हैं। नेपाल के औद्योगिक घरानों के संयुक्त निवेश वाली कंपनी ब्लुचीन डेटा वोल्ट ने गूगल क्लाउड के साथ रणनीतिक साझेदारी कर इन डेटा सेंटरों के निर्माण की योजना बनाई है।

गूगल क्लाउड कम्प्यूटिंग, डेटा स्टोरेज, डेटा विश्लेषण, मशीन लर्निंग और प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराती है। गूगल सर्च और गूगल डॉक्स जैसे लोकप्रिय प्लेटफॉर्म भी इसी क्लाउड अवसंरचना पर आधारित हैं। ब्लुचीन का एक अन्य रणनीतिक साझेदार ताइवान की वीवीडीएन टेक्नोलॉजी है। अमेरिका, यूरोप और एशिया के प्रमुख आईटी हब में मजबूत उपस्थिति रखने वाली यह कंपनी ब्लुचीन के लिए उन्नत कम्प्यूटिंग प्रणाली, लिक्विड कूलिंग समाधान तथा सर्वर रैक से जुड़ी तकनीकी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराएगी।

काठमांडू में आगामी अगस्त से डेटा सेंटर संचालन में लाने की तैयारी चल रही है। इसी सिलसिले में गूगल और वीवीडीएन टेक्नोलोजी के प्रतिनिधि काठमांडू पहुंच चुके हैं। आज ब्लुचीन डेटा वोल्ट माइक्रोन और एएमडी जैसे अंतरराष्ट्रीय साझेदारों की उपस्थिति में इस परियोजना की औपचारिक घोषणा की जाएगी।

नेपाल में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में हाल के समय में निवेश बढ़ता दिखाई दे रहा है। बालेन्द्र शाह सरकार बनने के बाद आईटी उद्योग को प्राथमिकता दिए जाने का असर अब विदेशी और बहुराष्ट्रीय कंपनियों के निवेश में भी देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में फेसबुक की मातृ कंपनी मेटा नेपाल की इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनी वर्ल्ड लिंक कम्युनिकेशन के साथ साझेदारी में डेटा सेंटर निर्माण की तैयारी कर रही है। इससे नेपाल में डिजिटल अवसंरचना, क्लाउड सेवा और डेटा सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति होने की उम्मीद जताई जा रही है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement