बेरूत पर इजराइल का हवाई हमला, हिजबुल्लाह की रदवान फोर्स का कमांडर मालेक बल्लूत मारा गया | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

International

बेरूत पर इजराइल का हवाई हमला, हिजबुल्लाह की रदवान फोर्स का कमांडर मालेक बल्लूत मारा गया

Date : 07-May-2026

 तेल अवीव/बेरूत, 07 मई। लेबनान में पिछले माह से लागू सैन्य विराम के मध्य इजराइल ने बुधवार शाम पहली बार राजधानी बेरूत में पहला हवाई हमला किया। इस हमले में हिजबुल्लाह की एलीट रदवान फोर्स का कमांडर मालेक बल्लूत मारा गया।

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षामंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि इजराइल की वायुसेना ने हिजबुल्लाह की एलीट रदवान फोर्स के कमांडर को निशाना बनाया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 16 अप्रैल को पहली बार इजराइल और लेबनान के बीच सैन्य विराम की घोषणा की थी। तब से हिजबुल्लाह और इजराइल एक-दूसरे पर लगातार हमले कर रहे हैं। यह सैन्य विराम अब काफी हद तक टूट चुका है, हालांकि लड़ाई का स्तर पहले के मुकाबले कम है।

द टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के अनुसार इजराइली वायुसेना ने लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर भीषण हवाई हमला किया। इस क्षेत्र को हिजबुल्लाह का मजबूत गढ़ माना जाता है। इस हमले के बाद नेतन्याहू और काट्ज ने एक संयुक्त बयान जारी किया। उन्होंने कहा, " इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने बेरूत में आतंकी संगठन हिजबुल्लाह की रदवान फ़ोर्स के कमांडर को खत्म करने के लिए उस पर हमला किया। इस हमले में कमांडर मारा गया।"

इजराइली नेताओं ने कहा कि रादवान फोर्स का यह कमांडर इजराइली समुदायों पर रॉकेट दागने और आईडीएफ सैनिकों को नुकसान पहुंचाने के लिए जिम्मेदार था। उन्होंने कहा, "इजराइल के लंबे हाथ हर दुश्मन और हत्यारे तक पहुंचेंगे। हमने लेबनाने के उत्तरी क्षेत्र के निवासियों को सुरक्षा देने का वादा किया। हम उसे निभा रहे हैं।" हालांकि आईडीएफ ने राजधानी में हुए इस दुर्लभ हवाई हमले में तुरंत कोई टिप्पणी नहीं की।

बताया गया है कि बुधवार को दिन में दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के विस्फोटक ड्रोन हमलों में सात इजराइली सैनिक घायल हो गए। ईरान समर्थित यह आतंकवादी समूह सैनिकों और उत्तरी लेबनान में रहने वालों परलगातार हमले कर रहा है। आईडीएफ के अनुसार, हिजबुल्लाह ने पूरे दिन दक्षिणी लेबनान में तैनात इजराइली सैनिकों पर अनेक विस्फोटक ड्रोन और रॉकेट दागे। एक घटना में, एक सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया और तीन अन्य को हल्की चोट आई। सुबह इजराइली सेना के पास दो ड्रोन फट गए, जिससे दो सैनिक घायल हो गए। सेना ने बताया कि सभी सात सैनिकों को अस्पतालों में ले जाया गया और उनके परिवारों को सूचित कर दिया गया है।

आईडीएफ के अनुसार सेना के लेबनान बफर जोन में सैनिकों के पास रॉकेट और ड्रोन गिरे। इसमें कोई घायल नहीं हुआ। हिजबुल्लाह के एक ड्रोन को दक्षिणी लेबनान के ऊपर मार गिराया गया। आईडीएफ होम फ्रंट कमांड ने कहा कि वह ऊपरी, निचले और मध्य गैलिली के 49 समुदायों में लेबनान से दागे जाने वाले रॉकेट के लिए चेतावनी का समय बढ़ाएगा। इन क्षेत्रों में वर्तमान में चेतावनी के लिए केवल 30 सेकंड का समय दिया जाता है। गुरुवार शाम इस बढ़ाकर 45 सेकंड कर दिया जाएगा। महत्वपूर्ण यह है कि उत्तर में जारी झड़पों ने इजराइल और लेबनान के बीच शांति स्थापित करने के अमेरिकी प्रयासों के सामने मौजूद चुनौतियों को उजागर किया है। इन दोनों देशों के बीच पिछले महीने ही आमने-सामने की दुर्लभ बातचीत हुई थी। हिजबुल्लाह ने इजराइल के साथ बातचीत करने के सरकार के फैसले का कड़ा विरोध किया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement