काठमांडू, 09 मई । रूस एवं यूक्रेन के बीच बढ़ते तनाव और हालिया घटनाक्रम को ध्यान में रखते हुए जर्मनी स्थित नेपाली दूतावास ने यूक्रेन में रह रहे या वहां यात्रा की तैयारी कर रहे नेपाली नागरिकों के लिए अत्यंत जरूरी परामर्श जारी किया है।
दूतावास ने कहा है कि यूक्रेन की सुरक्षा स्थिति लगातार चुनौतीपूर्ण होती जा रही है। इसको देखते हुए नेपाली नागरिक अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उच्च सतर्कता बरतें।
दूतावास ने किसी भी उद्देश्य से यूक्रेन यात्रा की योजना बना रहे नेपाली नागरिकों से अगली सूचना जारी होने तक अपनी यात्रा स्थगित करने की अपील की है। साथ ही वर्तमान में यूक्रेन में रह रहे नेपाली नागरिकों से सुरक्षित और सकुशल तरीके से जल्द से जल्द नेपाल लौटने का आग्रह किया गया है।
यूक्रेन में मौजूद नेपाली नागरिकों को किसी भी प्रकार की सहायता या समन्वय की आवश्यकता पड़ने पर दूतावास के अधिकारियों से सीधे संपर्क करने को कहा गया है। सहायता के लिए मोबाइल/व्हाट्सएप नंबर +49 176 26741207 पर संपर्क किया जा सकता है।
दूतावास ने यूक्रेन में रह रहे नेपाली नागरिकों से अपनी स्थिति की जानकारी साझा करने और दूतावास के नियमित संपर्क में बने रहने का भी अनुरोध किया है। सरकार ने सुरक्षा संवेदनशीलता को समझते हुए समय रहते सुरक्षित कदम उठाने पर विशेष जोर दिया है।
