Quote :

" लक्ष्य निर्धारण एक आकर्षक भविष्य का रहस्य है" - टोनी रॉबिंस

National

छह दिन पहले ही पूरे देश में पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मानसून, अगले पांच दिनों तक पूरे उत्तर भारत में भारी की संभावना

Date : 02-Jul-2024

 नई दिल्ली, 02 जुलाई । दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य तिथि से छह दिन पहले ही पूरे देश में पहुंच गया है। भारत मौसम विभाग ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के शेष भागों में आगे बढ़ते हुए मंगलवार को ही पूरे देश को कवर कर लिया है। यह सामान्य रूप से आठ जुलाई तक पूरे देश में पहुंचता है। कई राज्यों में भारी बारिश के लिए अलर्ट जारी किया गया है।



मौसम विभाग ने बताया कि अगले पांच दिनों तक पूरे उत्तर भारत में भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 05 और 06 जुलाई को अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ हरियाणा, चंडीगढ़ एवं दिल्ली में 02 और 03 जुलाई को अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। पंजाब में 3 जुलाई को अलग-अलग स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड में 02 जुलाई से 6 जुलाई तक अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

इसके साथ गुजरात, उप हिमालय पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में 02 जुलाई को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन राज्यों में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है।

उल्लेखनीय है कि मानसून केरल और पूर्वोत्तर क्षेत्र में 30 मई को पहुंचा था, जो सामान्य से दो से छह दिन पहले है। महाराष्ट्र तक पहुंचने के बाद मानसून की गति धीमी हो गई, जिसके कारण पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में मानसून आने में देरी हुई।

मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार को प्रेसवार्ता में कहा कि जुलाई में भारत में सामान्य से अधिक वर्षा हो सकती है। भारी बारिश के कारण पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों और देश के मध्य भाग में नदी-घाटियों में बाढ़ आने की संभावना है।

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement