कोलकाता के इको पार्क में प्रस्तावित अरिजीत सिंह का शो रद्द करने पर सियासत तेज | The Voice TV

Quote :

“जो हम खुशी से सीखते हैं उसे हम कभी नहीं भूलते।” — अल्फ्रेड मर्सिएर

National

कोलकाता के इको पार्क में प्रस्तावित अरिजीत सिंह का शो रद्द करने पर सियासत तेज

Date : 29-Dec-2022

कोलकाता, 29 दिसंबर (हि.स.)। बॉलीवुड के मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह का कोलकाता के इको पार्क में साल के पहले दिन होने वाला कार्यक्रम राज्य प्रशासन ने रद्द कर दिया है। इसे लेकर सियासत तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में अरिजीत सिंह ने ममता बनर्जी के सामने "रंग दे तू मोहे गेरुआ" गाना गाया था जो ममता को रास नहीं आया है। इसीलिए उनका कार्यक्रम रद्द किया गया है। इससे अरिजीत सिंह को करोड़ों का नुकसान हुआ है।
भाजपा नेता अमित मालवीय ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल सरकार की संस्था हिडको ने इको पार्क में अरिजीत सिंह का शो सिर्फ इसलिए रद्द किया क्योंकि उन्होंने ममता बनर्जी के सामने गेरुआ रंग वाला गाना गाया। उन्होंने इससे संबंधित वीडियो भी ट्विटर पर साझा किया है।
हालांकि ममता कैबिनेट में मंत्री और कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने इस आरोप को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा है कि साल के पहले दिन अरिजीत सिंह का शो इको पार्क में होने वाला था लेकिन उसी दिन पहले से जी-20 की तैयारियों को लेकर बैठक होनी थी इसलिए कार्यक्रम रद्द करना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि भारत की अध्यक्षता में होने वाली जी-20 बैठक का कार्यक्रम कन्वेंशन हॉल में होगा जो इको पार्क के ठीक सामने है। इसमें कई विदेशी अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। पुलिस को आशंका थी कि अरिजीत के कार्यक्रम में इतनी भीड़ होगी कि इन अतिथियों को समस्या हो सकती है और कानून व्यवस्था बिगड़ सकती है इसलिए उनका कार्यक्रम रद्द किया गया है। उन्होंने बताया कि न केवल अरिजीत सिंह बल्कि सलमान खान का कार्यक्रम भी रद्द किया गया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement