यूक्रेन युद्ध के समर्थकों पर ब्रिटेन की सख्ती, इंग्लिश चैनल में रूसी ऑयल टैंकर को रोका | The Voice TV

Quote :

“जो हम खुशी से सीखते हैं उसे हम कभी नहीं भूलते।” — अल्फ्रेड मर्सिएर

International

यूक्रेन युद्ध के समर्थकों पर ब्रिटेन की सख्ती, इंग्लिश चैनल में रूसी ऑयल टैंकर को रोका

Date : 14-Jun-2026

यूनाइटेड किंगडम (यूके) के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने रूस को एक बड़ा झटका द‍िया। उनके आदेश के बाद सेना ने इंग्लिश चैनल से गुजरने की कोशिश कर रहे एक रूसी ‘शैडो फ्लीट’ ऑयल टैंकर को रोक ल‍िया। स्टार्मर ने कहा क‍ि यूक्रेन युद्ध को समर्थन देने वालों को कहीं भी छिपने नहीं दिया जाएगा।

कीर स्टार्मर ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पोस्‍ट में कहा, ”आज सुबह-सुबह मैंने हमारी सेना को ‘शैडो फ्लीट’ के एक ऑयल टैंकर को रोकने का निर्देश दिया, जो इंग्लिश चैनल से गुजरने की कोशिश कर रहा था। इस सफल ऑपरेशन से रूस को एक और झटका लगा है और जो लोग यूक्रेन में पुतिन की जंग को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्हें यह याद दिलाया गया है कि हम उन्हें छिपने नहीं देंगे।”

उन्‍होंने कहा, ”मैं इसमें शामिल सभी लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिनमें हमारी सेना और कानून लागू करने वाले अधिकारी भी शामिल हैं, जो साल के 365 दिन, 24 घंटे इस देश को सुरक्षित रखते हैं।” छह घंटे चले इस ऑपरेशन में रॉयल मरीन कमांडो और नेशनल क्राइम एजेंसी के खास तौर पर ट्रेंड कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने आरएएफ की मदद से जहाज पर धावा बोला।

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि छह घंटे चले इस ऑपरेशन के बाद ‘स्मर्टोस’ नाम के इस जहाज को इंग्लैंड के दक्षिणी तट पर रोककर रखा गया है। रॉयल मरीन कमांडो और नेशनल क्राइम एजेंसी के खास तौर पर ट्रेंड कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने आरएएफ की मदद से जहाज पर धावा बोलकर कार्रवाई को अंजाम द‍िया। मंत्रालय ने बताया कि रविवार सुबह फ्रांस के सहयोग से इस कार्रवाई को पूरा क‍िया गया।

दरअसल, यूके की सरकार रूस की तेल से होने वाली कमाई को निशाना बना रही है। रक्षा सचिव डैन जार्विस ने बताया क‍ि रूस यूक्रेन में अपनी जंग के लिए फंड जुटाने के लिए अपने ‘शैडो फ्लीट’ पर निर्भर है और हमारे इस कदम से पुतिन की गैर-कानूनी जंग को झटका लगा है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यूके ने 500 से अधिक जहाजों पर प्रतिबंध लगाया है। इसके तहत यूके के बंदरगाहों में इन जहाजों के प्रवेश पर रोक है।(इनपुट-आईएएनएस)


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement