राजस्थान में कहीं बारिश-ओले, कहीं घना कोहरा, पश्चिम में धूप से पारा चढ़ा | The Voice TV

Quote :

"खुद पर विश्वास करने की शक्ति ही हमें हर मुश्किल को पार करने की हिम्मत देती है।"

National

राजस्थान में कहीं बारिश-ओले, कहीं घना कोहरा, पश्चिम में धूप से पारा चढ़ा

Date : 02-Feb-2026

 जयपुर, 02 फ़रवरी । राजस्थान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रविवार को मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहा। कोटा और चित्तौड़गढ़ में दोपहर बाद कई स्थानों पर बादल छाए और कुछ इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। जयपुर व अजमेर संभागों में हल्के बादल और धुंध छाई रही, जबकि जोधपुर संभाग में मौसम शुष्क रहा और धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी हुई।

सोमवार सुबह सीकर शहर और पलसाना (सीकर) क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही। चित्तौड़गढ़ में रविवार रात तेज बारिश हुई और कनेरा घाटा क्षेत्र में ओले गिरे। सोमवार सुबह घने कोहरे के बाद करीब आठ बजे धूप निकली। कोटा में भी रविवार को बारिश व ओलावृष्टि के बाद सोमवार सुबह धुंध रही, जहां विजिबिलिटी करीब 400 मीटर रही।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने सोमवार को 12 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। पिछले 24 घंटों में कोटा, बारां और झालावाड़ में दोपहर बाद बादल छाए रहे, जबकि बारां और कोटपूतली में बूंदाबांदी हुई। भरतपुर, दौसा, जयपुर और अलवर में दिनभर हल्के बादलों के कारण धूप कमजोर रही।

उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान में बादल-धुंध का असर बना रहा, वहीं पश्चिमी राजस्थान जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर और फलोदी में आसमान साफ रहा। धूप निकलने से तापमान बढ़ा और रविवार को राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

जैसलमेर में 25.7, जोधपुर में 27.9, चित्तौड़गढ़ में 28.8, फलोदी में 26.6 और जालोर में 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

सीकर में सोमवार को न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया। मौसम विभाग ने तीन और चार फरवरी को सीकर सहित कुछ जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। किसानों के अनुसार कोटा के ग्रामीण क्षेत्रों में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचा है, वहीं ठंड का असर भी बढ़ गया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement