हिमाचल के प्रख्यात समाजसेव को खूनदान से श्रद्धांजलि, 95 यूनिट एकत्रित | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

हिमाचल के प्रख्यात समाजसेव को खूनदान से श्रद्धांजलि, 95 यूनिट एकत्रित

Date : 02-Feb-2026

 ऊना, 02 फ़रवरी । महान समाजसेवी, हिमोत्कर्ष परिषद के संस्थापक एवं मानवता, करुणा और नि:स्वार्थ सेवा के प्रतीक स्वर्गीय कंवर हरि सिंह जी की 87वीं जयंती के अवसर पर टाहलीवाल में श्रद्धांजलि और सेवा का संगम देखने को मिला। इस अवसर पर प्रेस क्लब हरोली एवं हरोली ब्लॉक औद्योगिक एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, उद्योग जगत से जुड़े लोगों तथा आम नागरिकों ने बढ़-चढक़र भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। हिमाचल के साथ-साथ पंजाब के युवाओं ने भी इस रक्तदान शिविर में भाग लिया। शिविर में 95 युवाओं ने रक्तदान किया।

कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने स्व. कंवर हरि सिंह जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के माध्यम से उनकी जयंती मनाना उनके आदर्शों को सच्ची श्रद्धांजलि है। स्व. कंवर हरि सिंह जी न केवल एक महान समाजसेवी थे, बल्कि वे युवाओं में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना जागृत करने वाले मार्गदर्शक भी थे। हिमोत्कर्ष परिषद के माध्यम से उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में अनेक अनुकरणीय कार्य किए। रक्तदान के प्रति समाज को जागरूक करने में उनका योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा है।

रक्तदान शिविर के आयोजन में बीडीसी ब्लड सेंटर नवांशहर (शहीद भगत सिंह नगर) पंजाब व हिमोत्कर्ष परिषद का विशेष सहयोग रहा। चिकित्सा टीम द्वारा रक्तदाताओं की जांच और सुविधा की समुचित व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर प्रेस क्लब हरोली के अध्यक्ष नारायण प्रभाकर ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं और आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्व. कंवर हरि सिंह जी द्वारा बोए गए सेवा और मानवता के बीज आज भी समाज को सही दिशा दे रहे हैं और ऐसे आयोजनों के माध्यम से उनके विचार सदैव जीवित रहेंगे

रक्तदान करने वालों में डीएफओ ऊना सुशील राणा, एसएचओ हरोली सुनील संख्यान, संजीव कुमार, प्रिंस कुमार, अरविंद्र कुमार होशियारपुर, राजेश कुमार, हर्ष कुमार बट्ट कलां, सौरव नंगल खुर्द, परमजीत सिंह मजारा, विकास कौंडल, अजय कुमार, नरेश कुमार पूबोवाल, कृष्ण सिंह, अमनदीप सिंह, शिवम नंगल कलां, कुशल राणा बाथू, दिनेश गौतम संतोषगढ़, अमित कुमार आदि शामिल रहे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement