सरकार ने नीति आयोग का पुनर्गठन किया है। अर्थशास्त्री अशोक कुमार लाहिड़ी को आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान उपाध्यक्ष सुमन के. बेरी का स्थान लेंगे। श्री लाहिड़ी के साथ, सरकार ने राजीव गौबा, प्रो. के.वी. राजू, प्रो. गोबर्धन दास, डॉ. एम. श्रीनिवास और प्रो. अभय करंदीकर को नीति आयोग के पूर्णकालिक सदस्य के रूप में नियुक्त किया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि नीति आयोग भारत की नीति-निर्माण संरचना में एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में उभरा है, जो सहकारी संघवाद को बढ़ावा देता है, सुधारों को आगे बढ़ाता है और जीवन को सुगम बनाने में योगदान देता है। सोशल मीडिया पोस्ट में, प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि नीति आयोग विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार और दीर्घकालिक रणनीतिक सोच के लिए एक गतिशील मंच के रूप में कार्य करता है।
अशोक कुमार लाहिड़ी नीति आयोग के उपाध्यक्ष नियुक्त; प्रधानमंत्री ने शुभकामनाएं दीं।
नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष अशोक कुमार लाहिड़ी ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने लाहिड़ी को उनकी नियुक्ति पर शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि अर्थशास्त्र और लोक नीति में लाहिड़ी का व्यापक अनुभव भारत के सुधार और विकसित भारत बनने की दिशा में उनके प्रयासों को मजबूती प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि लाहिड़ी के प्रयासों से देश में नीति निर्माण को नई ऊर्जा मिलेगी। प्रधानमंत्री ने नीति आयोग के नवनियुक्त पूर्णकालिक सदस्यों को भी शुभकामनाएं दीं।
