हजारीबाग, 25 अप्रैल । विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर जिला वीबीडी कार्यालय, हजारीबाग की ओर से शनिवार को जागरूकता प्रभात फेरी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया। प्रभात फेरी कार्यालय परिसर से शुरू होकर शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होते हुए झंडा चौक तक गई और पुनः कार्यालय परिसर में आकर इसका समापन हुआ। रैली में शहरी क्षेत्रों की सहिया कार्यकर्ता और एएनएमटी स्कूल की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लोगों को मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन ने बताया कि विश्व मलेरिया दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों को मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने घर एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखें, सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें और बुखार होने पर मलेरिया की जांच अवश्य कराएं।
जिला वीबीडी पदाधिकारी डॉ कपिलमुनि प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि मलेरिया मुख्यतः मादा मच्छर के काटने से फैलता है। इसके प्रमुख लक्षणों में कंपकपी के साथ तेज बुखार, सिर दर्द, बदन दर्द, अत्यधिक पसीना, जी मिचलाना और उल्टी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मलेरिया की जांच सभी सरकारी अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में निःशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने यह भी बताया कि इस अवसर पर जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, क्विज प्रतियोगिता, चित्रांकन, प्रश्नोत्तरी और ग्राम स्तर पर ग्राम सभा का आयोजन शामिल है।
कार्यक्रम में डॉ राहुल (चिकित्सा पदाधिकारी), जिला कार्यक्रम प्रबंधक, कार्यक्रम समन्वयक, शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक, जिला वीबीडी कार्यालय के मलेरिया निरीक्षक, लिपिक सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।
