बैतूल, 10 मार्च । मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने बालिकाओं से सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन लगवाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर एक गंभीर बीमारी है, जो एचपीवी वायरस के संक्रमण के कारण होती है। इस बीमारी से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन अत्यंत प्रभावी है।
कलेक्टर सूर्यवंशी ने मंगलवार को बताया कि 14 से 15 वर्ष की आयु की बालिकाओं को यह वैक्सीन लगाई जा रही है, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। किशोरावस्था में यह टीका लगवाना अधिक प्रभावी होता है और इससे बालिकाओं को गंभीर बीमारी से सुरक्षा मिलती है।
उन्होंने जानकारी दी कि भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा 28 फरवरी से एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है। इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा भी जिले में बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाने का कार्य किया जा रहा है, ताकि उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने सभी बालिकाओं से आग्रह किया है कि वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं और इस गंभीर बीमारी से सुरक्षा सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनीं नागरिकों की समस्याएं
कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, आवास, सहित अन्य विभागों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। इस दौरान कलेक्टर ने कई प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर ही निराकरण कराया, वहीं शेष मामलों में समय-सीमा तय करते हुए अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में मुलताई के ग्राम दुनावा निवासी दिनेश पवार ने बताया कि भूमि का सीमांकन के लिए आवेदन देने के बावजूद अभी तक सीमांकन नहीं किया गया हैं, जिस पर कलेक्टर ने एसडीएम मुलताई को आवेदक का तत्काल सीमांकन कर आदेश जारी करने के निर्देश दिए। आवेदन के निराकरण में देरी होने पर संबंधित पटवारी, नायब तहसीलदार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनसुनवाई में जिला पंचायत के सीईओ अक्षत जैन, अपर कलेक्टर वंदना जाट ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनी। इस अवसर पर सभी विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
जॉब कार्ड अपडेट किए जाने के दिए निर्देश
जनसुनवाई में ग्राम तिरमहु के किसानों ने आवेदन के माध्यम से निस्तार तालाब स्वीकृत किए जाने की गुहार लगाई, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित ईई को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। भीमपुर के ग्राम जमनिया निवासी बलराम रूंजिया ने पीएम आवास की दूसरी किस्त की राशि नहीं मिलने की समस्या बताई, जिस पर कलेक्टर ने जनपद सीईओ भीमपुर को आवेदन का निराकरण करने के निर्देश दिए। जनपद पंचायत प्रभातपट्टन के ग्राम सावंगी निवासी कृष्णा बेले ने जॉब कार्ड अपडेट किए जाने के लिए आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर ने जनपद पंचायत सीईओ मुलताई को जॉब कार्ड अपडेट की शिकायत का समाधान करने के निर्देश दिए।
अभिलेख सुधारने के दिए निर्देश
जनसुनवाई में आठनेर निवासी जगन्नाथ तुम्बे ने अभिलेख सुधार के सम्बन्ध में आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर ने एसडीएम भैंसदेही को अभिलेख सुधार की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में भीमपुर तहसील के ग्राम चुनालोहमा में दुर्गा कुंदनलाल राठौर ने निजी कृषि भूमि पर हुए अवैध कब्जे को हटाने तथा सुरक्षा प्रदान किए जाने के लिए आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर ने संबंधित एसडीओ को प्रकरण की जांच कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
