जलपाईगुड़ी में तेंदुए के हमले में छह घायल | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

जलपाईगुड़ी में तेंदुए के हमले में छह घायल

Date : 27-Mar-2026

 जलपाईगुड़ी, 27 मार्च । जिले के क्रांति इलाके के चिकनमाटी में तेंदुए के हमले से इलाके में हड़कंप मच गया। शुक्रवार सुबह-सुबह जब लोग अपने रोज़मर्रा के काम में व्यस्त थे, तभी जंगल से निकलकर एक तेंदुआ गांव में घुस आया और कई लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में कुल छह लोग घायल हुए हैं।

स्थानीय जानकारी के अनुसार, प्रियसी राय नाम की एक महिला अपने घर के आंगन में झाड़ू लगा रही थी, तभी पीछे से तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। उनकी चीख सुनकर पड़ोसी मदद के लिए दौड़े, लेकिन तेंदुए ने उन पर भी हमला कर दिया। घटना में प्रियसी राय और अमूल्य राय की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें मालबाजार सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तेंदुए को चिन्हित करने की कोशिश के दौरान एक वनकर्मी भी उसके हमले में घायल हो गया। फिलहाल तेंदुआ स्थानीय निवासी विधान राय के घर के पास एक झाड़ी में छिपा हुआ है और वन विभाग ने पूरे इलाके को घेर लिया है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मालबाजार वाइल्डलाइफ स्क्वाड को बुलाया गया है, ताकि तेंदुए को बेहोश कर काबू में किया जा सके। वन विभाग ने ग्रामीणों को घरों से बाहर न निकलने की सख्त हिदायत दी है। घटना के बाद पूरे चिकनमाटी इलाके में दहशत का माहौल है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement