मध्य प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम, अगले 24 घंटों में 7 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 3 दिन तक रहेगा असर | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मध्य प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम, अगले 24 घंटों में 7 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 3 दिन तक रहेगा असर

Date : 27-Mar-2026

 भोपाल, 27 मार्च  । मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती सिस्टम के सक्रिय होने से आज शुक्रवार से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। अगले 24 घंटों में ग्वालियर समेत 7 जिलों में तेज हवाओं और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, यह स्थिति 30 मार्च तक बनी रह सकती है। प्रदेश के ऊपरी हिस्से में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि पश्चिमी क्षेत्र में दो चक्रवाती परिसंचरण सिस्टम बने हुए हैं। इनके प्रभाव से ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की भी संभावना जताई गई है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर और उज्जैन समेत करीब 28 जिलों में भी 30 मार्च तक बारिश होने के आसार हैं। 28 मार्च को कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि 30 मार्च को मौसम का असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा।

बारिश से पहले प्रदेश में गर्मी ने भी तेवर दिखाए। गुरुवार को नर्मदापुरम में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक रहा। इसके अलावा रतलाम में 39.6 डिग्री, गुना में 38.6 डिग्री, धार, रायसेन और मंडला में 38.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। कई अन्य जिलों में भी तापमान 37 डिग्री से ऊपर रहा। बड़े शहरों की बात करें तो उज्जैन में सबसे ज्यादा 37.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। भोपाल में 37.4 डिग्री, इंदौर में 37.2 डिग्री, ग्वालियर में 38.6 डिग्री और जबलपुर में 37.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

बता दें कि मार्च में इससे पहले भी दो बार आंधी-बारिश का दौर आ चुका है, जिसमें 45 से ज्यादा जिलों में प्रभाव देखा गया था और 17 जिलों में ओलावृष्टि हुई थी। अब तीसरा दौर 27 मार्च से शुरू होकर 30 मार्च तक जारी रहने की संभावना है। वहीं, मौसम विभाग ने आगे के महीनों को लेकर भी चेतावनी दी है। अप्रैल और मई में प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। कई संभागों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, जिससे गर्मी का असर और बढ़ेगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement