अतिरिक्त मतदाता सूची में शशि पांजा और काजल शेख का नाम शामिल, नामांकन का रास्ता साफ | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

अतिरिक्त मतदाता सूची में शशि पांजा और काजल शेख का नाम शामिल, नामांकन का रास्ता साफ

Date : 28-Mar-2026

 कोलकाता, 28 मार्च । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले जारी दूसरी अतिरिक्त मतदाता सूची से तृणमूल कांग्रेस को आंशिक राहत मिली है। श्यामपुकुर से पार्टी की उम्मीदवार शशि पांजा और हासन के उम्मीदवार काजल शेख का नाम इस सूची में शामिल हो गया है। अब उनके नामांकन दाखिल करने में कोई बाधा नहीं रही।

इससे पहले दोनों नेताओं के नाम जांच के अधीन थे, जिसके कारण उनकी उम्मीदवारी को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी। हालांकि उत्तरपाड़ा से उम्मीदवार शीर्षण्य बंद्योपाध्याय का नाम अभी भी सूची में शामिल नहीं हुआ है, जिससे उनकी उम्मीदवारी पर संशय बना हुआ है। वे श्रीरामपुर के सांसद कल्याण बनर्जी के बेटे हैं।

गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने 23 मार्च को मतदान से ठीक एक महीने पहले पहली अतिरिक्त मतदाता सूची जारी की थी। उस समय सूची आधी रात से कुछ पहले प्रकाशित हुई थी। इसके मुकाबले दूसरी अतिरिक्त सूची शुक्रवार रात करीब 11 बजकर 30 मिनट पर जारी की गई।

आयोग के सूत्रों के अनुसार, दूसरी अतिरिक्त सूची जारी होने तक कुल 37 लाख मतदाताओं के नामों पर निर्णय लिया जा चुका है, जबकि लगभग 23 लाख नामों पर फैसला अभी बाकी है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जांच के अधीन रहे कितने मतदाताओं के नाम जोड़े गए और कितनों को हटाया गया।

पहली सूची जारी होने के बाद आयोग ने कहा था कि अगले दिन सुबह हर मतदान केंद्र पर सूची चिपकाई जाएगी, ताकि संबंधित मतदाता अपनी स्थिति जान सकें। लेकिन उस दिन इसको लेकर कई स्थानों पर भ्रम और अव्यवस्था की स्थिति देखी गई।

कई मतदाताओं ने जब इंटरनेट के माध्यम से सूची देखने की कोशिश की तो आयोग की वेबसाइट ठीक से काम नहीं करने के कारण वे जानकारी प्राप्त नहीं कर सके। शुक्रवार को जारी दूसरी अतिरिक्त सूची को लेकर भी ऐसी ही अस्पष्टता की स्थिति बनी हुई है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement