इंडिया गेट पर सख्ती: अवैध पार्किंग पर शिकंजा, रेड लाइट जंपिंग पर कैमरों से नजर | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

इंडिया गेट पर सख्ती: अवैध पार्किंग पर शिकंजा, रेड लाइट जंपिंग पर कैमरों से नजर

Date : 28-Mar-2026

 नई दिल्ली, 28 मार्च । गर्मियों के मौसम में बढ़ती भीड़ को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इंडिया गेट और कर्तव्य पथ इलाके में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए सख्ती बढ़ा दी है। अवैध पार्किंग, गलत दिशा में वाहन चलाने और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा शनिवार को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2026 में इंडिया गेट के आसपास कुल 2253 चालान किए गए। इनमें सबसे ज्यादा 1720 चालान अवैध पार्किंग के हैं। इसके अलावा 293 मामलों में कैमरे के जरिए चालान जारी किए गए, जबकि 60 चालान बिना हेलमेट के काटे गए। वहीं 180 वाहनों को मौके से टो कर हटाया गया।

अब रेड लाइट जंपिंग पर भी सख्त निगरानी

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार ट्रैफिक नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख चौराहों पर लाल बत्ती वायलेशन डिटेक्शन कैमरे लगाए जा रहे हैं। मथुरा रोड-भैरों मार्ग, रिंग रोड-भैरों रोड और जनपथ-टॉलस्टॉय मार्ग जैसे व्यस्त स्थानों पर 10 कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं। ये कैमरे रेड लाइट जंप करने वालों का स्वतः चालान करेंगे।

मोबाइल से जारी हो रहा चालान

कैमरे पर यातायात उल्लंघन की रिकॉर्डिंग प्रणाली के तहत ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर ही मोबाइल फोन के जरिए चालान नोटिस भेज रहे हैं। मार्च महीने में ही 293 ऐसे चालान जारी किए गए हैं। नियम तोड़ने वालों को कोर्ट के जरिए जुर्माना भरना होगा। वहीं ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। इंडिया गेट के पास पी1 और पी2 पार्किंग (मान सिंह रोड) के अलावा जनपथ पर पी5 और रफी मार्ग पर पी6 पार्किंग उपलब्ध हैं। बसों के लिए पी1 पार्किंग तय की गई है।

सड़क किनारे पार्किंग पर कार्रवाई तय

पुलिस ने साफ किया है कि सड़क किनारे या फुटपाथ पर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा गया है कि नियमों का पालन करें, ताकि सभी के लिए यातायात सुगम बना रहे। वहीं किसी भी तरह की सहायता के लिए लोग 112 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement