दिल्ली के चांद बाग में बहुमंजिला मकान में लगी आग, चार लोगों ने लगाई छलांग | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

दिल्ली के चांद बाग में बहुमंजिला मकान में लगी आग, चार लोगों ने लगाई छलांग

Date : 29-Mar-2026

 नई दिल्ली, 29 मार्च। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर थाना क्षेत्र स्थित चांद बाग में आज तड़के एक बहुमंजिला मकान में आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग ग्राउंड फ्लोर की पार्किंग में खड़े दो स्कूटर और एक मोटरसाइकिल में लगी, जिसके बाद धुआं तेजी से फैल गया। धुएं से घबराकर पहली मंजिल पर मौजूद चार लोगों ने छलांग लगा दी, जबकि दमकल कर्मियों ने ऊपरी मंजिलों से चार अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

दमकल विभाग को घटना की सूचना रात करीब 2:30 बजे मिली। सूचना मिलते ही चार दमकल की गाड़ी मौके पर भेजी गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए करीब 2:56 बजे ‘मेक-4’ घोषित किया गया, जिसके बाद अतिरिक्त दमकल गाड़ियां रवाना की गईं। कुल 11 दमकल वाहन मौके पर पहुंचे।

दमकल अधिकारियों के मुताबिक, इमारत ग्राउंड प्लस पांच मंजिल की है और इसका क्षेत्रफल करीब 50 वर्ग गज है। आग से उठे धुएं ने ऊपरी मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लोग फंस गए। दमकल कर्मियों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल से चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं चौथी मंजिल से एक बच्चे को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

घटना के दौरान निकहत (22), राशिदा (50), सोनी (25) और दो वर्षीय आशिफ ने पहली मंजिल से छलांग लगा दी। सभी को तत्काल जग प्रवेश चंद अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। वहीं सुवेद (12), दुर्वेद (10), आरिफा (28) और फराह (14) को दमकल कर्मियों ने सुरक्षित बचा लिया।

सुबह करीब 6:20 बजे तक दमकल की सभी गाड़ियां वापस लौट गईं और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। मौके पर एडीओ दीपक हुड्डा के नेतृत्व में राहत कार्य चलाया गया। फिलहाल दयालपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण पार्किंग में खड़े वाहनों से जुड़ा माना जा रहा है। वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement