खाटू श्याम से लौटते समय ईको वैन खाई में पलटी, एक की मौत-छह घायल | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

खाटू श्याम से लौटते समय ईको वैन खाई में पलटी, एक की मौत-छह घायल

Date : 30-Mar-2026

 अजमेर, 30 मार्च  जिले के मांगलियावास थाना क्षेत्र में तबीजी हाईवे पर अनियंत्रित ईको वैन सड़क से उतरकर खाई में पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन महिलाओं और दो बच्चों सहित कुल छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा रविवार शाम राधा स्वामी सत्संग स्थल के पास गौशाला के निकट हुआ। अजमेर से ब्यावर की ओर जा रही ईको वैन तेज गति के कारण अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से उतरकर खाई में जा गिरी। वैन में सवार सभी लोग गुजरात निवासी श्रद्धालु थे, जो खाटू श्याम मंदिर के दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहे थे।

हादसे में सोहनलाल की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं प्रिंस, उसकी मां मीराबेन, मौसी गंगाबेन, रिश्तेदार मीता, आठ वर्षीय दिग्विजय और चालक सनी घायल हो गए।

इनमें प्रिंस और दिग्विजय को मामूली चोटें आई हैं, जबकि मीराबेन, मीता और गंगाबेन की हालत गंभीर बताई जा रही है। चालक सनी को भी अंदरूनी चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशिक्षु आईपीएस डॉ. दीपेंद्र सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। साथ ही हाईवे पेट्रोलिंग, 108 एंबुलेंस और एनएचएआई की टीम ने भी राहत एवं बचाव कार्य में भाग लिया। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को वैन से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना माना जा रहा है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement