भुवनेश्वर, 31 मार्च । ओडिशा में पिछले तीन वर्षों के दौरान कुल 264 हाथियों की मौत हुई है। यह जानकारी राज्य के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री गणेश राम सिंह खुंटिया ने विधानसभा में दी।
सदन में विधायक पद्म लोचन पांडा के प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने बताया कि मृत हाथियों में से 132 की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई, जबकि 132 की मौत अप्राकृतिक कारणों से दर्ज की गई। मंत्री ने आगे बताया कि इसी अवधि में राज्य में 4 बाघ, 25 तेंदुए तथा 1,426 अन्य वन्यजीवों की भी मौत हुई है। इनमें से 447 मौतें शिकार (पोचिंग) के कारण हुई हैं, जो वन्यजीव संरक्षण के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने संकेत दिया कि राज्य सरकार वन्यजीवों की सुरक्षा और अवैध शिकार पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठा सकती है।
