विकसित भारत के निर्माण का आधार बनेगा असम का यह चुनावः नरेन्द्र मोदी | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

विकसित भारत के निर्माण का आधार बनेगा असम का यह चुनावः नरेन्द्र मोदी

Date : 01-Apr-2026

 गोगामुख (असम), 01 अप्रैल । भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को यहां एक चुनावी जनसभा में असम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की हैट्रिक का दावा किया। उन्होंने असम में यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) लागू करने, आदिवासी संस्कृति की सुरक्षा, बाढ़ से राहत, बुनियादी ढांचे के विस्तार और गरीब कल्याण योजनाओं को लेकर कई बड़े वादे किए। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि असम का चुनाव “विकसित असम से विकसित भारत” बनाने का चुनाव है।

मोदी ने धेमाजी जिले के गोगामुख की चुनावी जनसभा में कहा कि जनता का उत्साह साफ संकेत दे रहा है कि इस बार राज्य में भाजपा-नीत राजग सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटेगी। उन्होंने कहा कि यह उनकी असम में चुनाव घोषणा के बाद पहली जनसभा है और यहां उमड़ी भीड़ ‘हैट्रिक’ की गारंटी दे रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि असम में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू किया जाएगा, लेकिन साथ ही छठी अनुसूची क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी समुदायों की परंपराओं और संस्कृति की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने इसे “असम की पहचान को बचाने का बड़ा संकल्प” बताया और कहा कि भाजपा अपने वादों को पूरा करने के लिए जानी जाती है।

उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में राज्य ने ‘सेवा और सुशासन’ का नया दौर देखा है। पहले सर्वानंद सोनोवाल और फिर हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में राज्य में विकास की नई दिशा बनी है। मोदी ने कहा कि असम का यह चुनाव केवल राज्य तक सीमित नहीं है, बल्कि विकसित भारत के निर्माण से जुड़ा हुआ है।

प्रधानमंत्री ने गरीब कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले एक दशक में असम के 22 लाख से अधिक गरीब परिवारों को पक्के घर दिए गए हैं। भाजपा के घोषणा पत्र में उन सभी परिवारों को घर देने का वादा किया गया है, जिन्हें अभी तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि भविष्य में 15 लाख और परिवारों को पक्का घर देने की गारंटी है।

महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने ‘लखपति दीदी’ अभियान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत अब तक लगभग तीन लाख महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और आने वाले समय में इस संख्या को 40 लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही ‘अरुणोदय योजना’ के विस्तार का भी वादा किया गया, जिससे अधिक परिवारों को लाभ मिलेगा।

बाढ़ की समस्या को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने 18,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से ‘बाढ़ मुक्त असम मिशन’ शुरू किया है। राज्य में आधुनिक तटबंध बनाए जा रहे हैं और स्थायी समाधान के लिए लगातार काम हो रहा है। उन्होंने सुबनसिरी हाइड्रोइलेक्ट्रिक परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह असम को बाढ़ से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कृषि क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत असम के लगभग 11 लाख किसानों को 730 करोड़ रुपये से अधिक का क्लेम दिया जा चुका है।

प्रधानमंत्री ने असम को भविष्य का टेक्नोलॉजी हब बताते हुए कहा कि जल्द ही राज्य में सेमीकंडक्टर प्लांट से चिप उत्पादन शुरू होगा। आने वाले समय में मोबाइल फोन, गाड़ियां, टीवी और अन्य उपकरण असम में बनी चिप से संचालित होंगे, जिससे राज्य की पहचान चाय के साथ-साथ तकनीक के लिए भी होगी।

इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में उपलब्धियों को गिनाते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने 60-65 वर्षों में ब्रह्मपुत्र नदी पर केवल तीन पुल बनाए, जबकि भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार ने पिछले 10-11 वर्षों में पांच बड़े पुल बनाकर लोगों की जिंदगी आसान की है। स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जहां पहले असम में केवल छह मेडिकल कॉलेज थे, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर 14 हो गई है और 10 नए मेडिकल कॉलेजों पर काम चल रहा है।

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उसने हमेशा ‘परिवारवाद’ और वोट बैंक की राजनीति को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले एक सांप्रदायिक हिंसा विधेयक लाने की कोशिश की थी, जो समाज को बांटने वाला था, और अब असम में भी इसी तरह के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राज्य में अवैध घुसपैठियों को बसाने की कोशिश कर रही है। मोदी ने कहा कि भाजपा-नीत राजग सरकार किसानों, आदिवासियों और जंगल की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराएगी और असम की ‘शान और पहचान’ को बनाए रखेगी।

रैली के अंत में प्रधानमंत्री ने जनता से अपील की कि वे एक बार फिर भाजपा सरकार बनाएं, ताकि राज्य में विकास की गति और तेज हो सके। उन्होंने कहा, “यह मोदी की गारंटी है कि असम और अधिक तेजी से आगे बढ़ेगा।”


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement