कोलकाता पहुंचे अमित शाह, शुभेंदु अधिकारी के नामांकन में होंगे शामिल | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

कोलकाता पहुंचे अमित शाह, शुभेंदु अधिकारी के नामांकन में होंगे शामिल

Date : 02-Apr-2026

 कोलकाता, 02 अप्रैल । भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बुधवार देर रात कोलकाता पहुंचे। दमदम के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका स्वागत पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तथा केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने किया।

भाजपा के अनुसार, अमित शाह गुरुवार को शुभेंदु अधिकारी के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होंगे। शुभेंदु अधिकारी भवानीपुर विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ नामांकन दाखिल करेंगे। इसको लेकर भाजपा की ओर से व्यापक तैयारी की गई है।

बताया गया है कि नामांकन से पहले हाजरा मोड़ से सर्वे बिल्डिंग तक एक विशाल रैली निकाली जाएगी। इस रैली में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के शामिल होने की संभावना है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी इस रैली में भाग लेंगे और इसके बाद नामांकन कार्यक्रम के दौरान उपस्थित रहेंगे।

भाजपा नेताओं का कहना है कि यह नामांकन केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं बल्कि राज्य में राजनीतिक परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पार्टी इस कार्यक्रम के जरिए शक्ति प्रदर्शन की भी तैयारी में है।

सुरक्षा के मद्देनजर रैली मार्ग और नामांकन स्थल के आसपास पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था में भी आवश्यक बदलाव किए गए हैं ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। इस पूरे इलाके में नो एंट्री लगाई गई है।

उल्लेखनीय है कि भवानीपुर सीट राज्य की महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों में मानी जाती है, जहां इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है। यहां बड़ी संख्या में गुजराती और हिंदी भाषी समुदाय के लोग रहते हैं, जबकि 17 फ़ीसदी मतदाता मुस्लिम हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया है कि वह हर बार की तरह इस बार भी इस सीट से जीत दर्ज करेंगी। शुभेंदु अधिकारी भवानीपुर के साथ नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहां से वह वर्तमान में विधायक हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement