हनुमान जन्मोत्सव पर भोपाल में भक्ति का सैलाब, शहरभर में निकलेंगी शोभायात्राएं, मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

हनुमान जन्मोत्सव पर भोपाल में भक्ति का सैलाब, शहरभर में निकलेंगी शोभायात्राएं, मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

Date : 02-Apr-2026

 भोपाल, 02 अप्रैल । आज पूरे प्रदेश सहित राजधानी भोपाल में हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। शहर के सभी प्रमुख हनुमान मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और रामधुन में लीन दिखाई दे रहे हैं, जिससे पूरे शहर का माहौल भक्तिमय हो गया है।

हनुमान जयंती के अवसर पर आज गुरुवार काे विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों द्वारा भव्य आयोजन किए जा रहे हैं। विश्व हिंदू परिषद् भोपाल द्वारा आज शाम 4:30 बजे पुराने शहर स्थित कार्यालय से भव्य गदा यात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए विभिन्न हनुमान मंदिरों तक पहुंचेगी।

इसके अलावा, जय मां भवानी हिंदू संगठन द्वारा कालीघाट मंदिर से बैरसिया रोड तक हिंदू एकता शोभायात्रा निकाली जा रही है। इस यात्रा में 15 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा, आकर्षक झांकियां, ढोल-नगाड़े और आतिशबाजी मुख्य आकर्षण हैं। वहीं बजरंग दल की वीर बजरंगी गदा यात्रा भी शाम 4:30 बजे छोला रोड से प्रारंभ होगी।

प्रदेशभर में भी उमड़ा आस्था का जनसैलाब

भोपाल के खेड़ापति हनुमान मंदिर के साथ-साथ इंदौर के पितरेश्वर और रणजीत हनुमान, उज्जैन के गेबी हनुमान, जबलपुर के अर्जी वाले हनुमान और ग्वालियर के मंशापूर्ण हनुमान मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। जगह-जगह भंडारे, शोभायात्राएं और धार्मिक आयोजन हो रहे हैं।

दुर्लभ संयोग में मनाया जा रहा प्राकट्य उत्सव

पंडित अमर डिब्बेवाला के अनुसार, इस वर्ष हनुमान जन्मोत्सव चैत्र शुक्ल पूर्णिमा पर गुरुवार, हस्त नक्षत्र और ध्रुव योग के दुर्लभ संयोग में मनाया जा रहा है। कन्या राशि में स्थित चंद्रमा इस शुभ अवसर का साक्षी है। यह विशेष योग साधना और उपासना के लिए अत्यंत फलदायी माना जाता है, जिससे हनुमान जी की कृपा प्राप्त होती है और ग्रह दोषों से मुक्ति मिलती है।

ट्रैफिक प्लान लागू, कई मार्गों पर डायवर्जन

हनुमान जन्मोत्सव के जुलूसों को देखते हुए भोपाल में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। आज शाम 4 बजे से पुराने शहर के कई मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा।

दो प्रमुख जुलूस मार्ग तय

पहला जुलूस - तलैया क्षेत्र से शुरू होकर बुधवारा चौराहा, इतवारा, आजाद मार्केट, छोटेभैया, घोड़ा नक्कास, बस स्टैंड, भोपाल टॉकीज होते हुए सिंधी कॉलोनी तक जाएगा। दूसरा जुलूस - ओम अग्रवाल धर्मशाला स्थित विश्व हिंदू परिषद कार्यालय से शुरू होकर छोला रोड, गणेश मंदिर, जेपी नगर तिराहा, डीआईजी बंगला चौराहा, काजी कैंप होते हुए सिंधी कॉलोनी चौराहा तक पहुंचेगा।

बसों के रूट में बड़ा बदलाव

हलालपुर बस स्टैंड से चलने वाली बसें नादरा नहीं जाएंगी, वहीं से संचालित होंगी

नादरा से विदिशा-बैरासिया रूट की बसें बेस्ट प्राइस तक सीमित रहेंगी

सभी प्रकार के व्यावसायिक, लोक परिवहन और भारी वाहन जुलूस मार्गों पर प्रतिबंधित रहेंगे


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement