भवानीपुर में शुभेंदु अधिकारी के नामांकन से पहले अमित शाह का रोड शो | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

भवानीपुर में शुभेंदु अधिकारी के नामांकन से पहले अमित शाह का रोड शो

Date : 02-Apr-2026

 कोलकाता, 02 अप्रैल । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच भवानीपुर सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के नामांकन से पहले गुरुवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कोलकाता में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने राज्य में राजनीतिक बदलाव का आह्वान किया और पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में मतदान की अपील की।

हाजरा मोड़ से शुरू हुए इस रोड शो में अमित शाह और शुभेंदु अधिकारी एक साथ मौजूद रहे। भाजपा के अन्य उम्मीदवार भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए, जो गुरुवार को ही अपने नामांकन पत्र दाखिल करने वाले हैं।

केंद्रीय गृहमंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में परिवर्तन तय है और भवानीपुर में भी बदलाव जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि राज्य में परिवर्तन लाने के लिए भाजपा उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाना होगा।

अमित शाह ने कहा कि उन्होंने शुभेंदु अधिकारी से केवल नंदीग्राम ही नहीं बल्कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गढ़ भवानीपुर से भी चुनाव लड़ने का आग्रह किया। उन्होंने दावा किया कि पिछली बार ममता बनर्जी राज्य में सरकार बनाने में सफल रहीं, लेकिन नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी से हार गई थीं।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा एक-एक सीट जीतकर 170 तक पहुंचेगी, लेकिन भवानीपुर की सीट जीतना राज्य की राजनीति में बड़ा संदेश देगा। उन्होंने कहा कि बंगाल में परिवर्तन लाने का एक शॉर्टकट है। भवानीपुर से ममता को हरा दो काम हो जाएगा।

इससे पहले शुभेंदु अधिकारी ने नामांकन से पहले भवानीपुर के एक गुरुद्वारे और लक्ष्मीनारायण मंदिर में पूजा-अर्चना की। भाजपा सूत्रों के अनुसार, रोड शो समाप्त होने के बाद उम्मीदवार सर्वे भवन पहुंचकर नामांकन दाखिल करेंगे।

उल्लेखनीय है कि, अमित शाह बुधवार देर रात कोलकाता पहुंचे थे, ताकि नामांकन कार्यक्रम में शामिल हो सकें। भाजपा इस नामांकन कार्यक्रम को शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देख रही है।------------------


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement