मतदाता सूची से नाम हटाने के आरोप पर मालदा में दूसरे दिन भी प्रदर्शन, कई जगह सड़क जाम | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मतदाता सूची से नाम हटाने के आरोप पर मालदा में दूसरे दिन भी प्रदर्शन, कई जगह सड़क जाम

Date : 02-Apr-2026

 कोलकाता, 02 अप्रैल । पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के आरोप को लेकर लगातार दूसरे दिन गुरुवार सुबह से कई इलाकों में प्रदर्शन और सड़क अवरोध शुरू हो गया। हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए, जिससे राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अंतिम मतदाता सूची के साथ-साथ पूरक सूची से भी बड़ी संख्या में लोगों के नाम हटा दिए गए हैं। इसे लेकर पिछले कुछ दिनों से नाराजगी बढ़ रही थी, जो अब विरोध प्रदर्शन के रूप में सामने आई है।

मालदा विधानसभा क्षेत्र के मंगलाबाड़ी ग्राम पंचायत के नारायणपुर इलाके में 12 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग (कोलकाता-सिलीगुड़ी मार्ग) पर हजारों लोगों ने अवरोध किया। इसके कारण लंबा जाम लग गया और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इंग्लिश बाजार और मानिकचक क्षेत्रों में भी इसी तरह के विरोध प्रदर्शन की खबर है।

इस बीच मोथाबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के कालियाचक-2 प्रखंड विकास कार्यालय में बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया से जुड़े सात न्यायिक अधिकारियों का घेराव कर लिया गया था, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल थीं। देर रात केंद्रीय बलों ने पहुंचकर सभी अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

गुरुवार को फिर से प्रदर्शन शुरू हो गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि चुनाव आयोग ने चुनिंदा समुदाय के लोगों के नाम सूची से हटाए हैं। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में केंद्रीय बलों की तैनाती कर दी है।

इंग्लिश बाजार के जदूपुर क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में मुस्लिम ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर विरोध जताया। उनका कहना है कि वे वैध मतदाता हैं, फिर भी उनके नाम सूची से हटा दिए गए हैं।

मानिकचक क्षेत्र में भी टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया, जिसमें सैकड़ाें महिला और पुरुष शामिल हुए। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और स्थिति सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।-------------------


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement