हनुमान जयंती पर पनकी धाम में उमड़ा आस्था का जनसैलाव | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

हनुमान जयंती पर पनकी धाम में उमड़ा आस्था का जनसैलाव

Date : 02-Apr-2026

 कानपुर, 02 अप्रैल । हनुमान जयंती के अवसर पर गुरुवार काे मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। पूजन अर्चना के कार्यक्रम हाे रहे हैं। इसी क्रम में कानपुर के संकट मोचन पनकी धाम में तड़के से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा, जहां ‘जय श्री राम’ और ‘जय हनुमान’ के गूंजते जयकारों के बीच भक्त बजरंगबली के दर्शन के लिए लंबी कतारों में नजर आए।

कानपुर के प्राचीन पनकी धाम मंदिर में गुरुवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह होते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी, जो दिन चढ़ने के साथ और बढ़ती गई। पूरा वातावरण भजन-कीर्तन और जयकारों से भक्तिमय हो उठा। मंदिर के महंत कृष्ण दास ने बताया कि हनुमान जयंती का पर्व भक्तों के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि पनकी धाम की मान्यता है कि यहां सच्चे मन से दर्शन करने पर बजरंगबली भक्तों के सभी संकट दूर करते हैं।

श्रद्धालु रवि ने कहा कि वह हर वर्ष यहां दर्शन करने आते हैं और उन्हें एक अलग ही शांति का अनुभव होता है। वहीं विकास ने बताया कि लंबी कतारों और बढ़ती गर्मी के बावजूद उनकी आस्था में कोई कमी नहीं आती और भगवान के दर्शन से उन्हें संतोष मिलता है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुरुष और महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं। मंदिर परिसर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है।

पनकी धाम में उमड़ी यह भीड़ यह दर्शाती है कि श्रद्धालुओं की आस्था अटूट है और बजरंगबली के प्रति उनका विश्वास हर कठिनाई को छोटा बना देता है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement