भवानीपुर से ममता बनर्जी की हार पूरे बंगाल में परिवर्तन की शुरुआत होगी : अमित शाह | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

भवानीपुर से ममता बनर्जी की हार पूरे बंगाल में परिवर्तन की शुरुआत होगी : अमित शाह

Date : 02-Apr-2026

 कोलकाता, 02 अप्रैल । विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पश्चिम बंगाल पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बाेला। उन्हाेंने कहा कि राज्य की जनता अब परिवर्तन चाहती है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनाने के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि यदि भवानीपुर से भाजपा प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी जीतते हैं तो पूरे बंगाल में सत्ता परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा।

भवानीपुर में भाजपा प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी के नामांकन के अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि उन्होंने चुनाव से पहले पूरे बंगाल का दौरा किया है और हर जगह लोगों में सरकार बदलने की इच्छा दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में तोलाबाजी, भ्रष्टाचार, महिलाओं की असुरक्षा, बेरोजगारी और अवैध घुसपैठ जैसी समस्याओं से लोग परेशान हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर सीमाओं को मजबूत किया जाएगा और अवैध घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिन राज्यों में भाजपा की सरकार बनी है वहां विकास हुआ है और अब पश्चिम बंगाल की बारी है।

अमित शाह ने भवानीपुर के मतदाताओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि सामान्यतः कई सीटें जीतने के बाद परिवर्तन होता है, लेकिन इस बार भवानीपुर की एक सीट की जीत भी पूरे राज्य की राजनीति की दिशा बदल सकती है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में ममता बनर्जी नंदीग्राम से शुभेंदु अधिकारी से हार चुकी हैं और इस बार उन्हें भवानीपुर में भी हार का सामना करना पड़ेगा।

उन्होंने मतदाताओं से निर्भय होकर मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि इस बार कोई भी मतदाताओं को वोट देने से नहीं रोक पाएगा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या के आरोपों का भी उल्लेख करते हुए दोषियों को सजा दिलाने की बात कही।

अपने संबोधन में उन्होंने स्वामी विवेकानंद, रवींद्रनाथ ठाकुर, बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों का उल्लेख करते हुए पश्चिम बंगाल को "सोनार बांग्ला" बनाने का संकल्प दोहराया।

सभा के अंत में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भाजपा के सभी प्रत्याशियों की जीत की कामना करते हुए जनता से भारी मतों से समर्थन देने की अपील की।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement