महिला आरक्षण विधेयक पर सरकार इसी माह बुलाएगी संसद की बैठक | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

महिला आरक्षण विधेयक पर सरकार इसी माह बुलाएगी संसद की बैठक

Date : 02-Apr-2026

 नई दिल्ली, 02 अप्रैल । महिला आरक्षण बिल पर इसी माह दो या तीन दिनों के लिए संसद की बैठक बुलाई जाएगी। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को राज्यसभा में जानकारी दी कि संसद की कार्यवाही आज स्थगित कर दी जाएगी और 2 से 3 हफ्ते बाद दोबारा बुलाई जाएगी। इस दौरान महिला आरक्षण से जुड़े अहम बिल को लाने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि अगली बैठक में एक “बहुत महत्वपूर्ण” बिल पर चर्चा और निर्णय लिया जाएगा। हालांकि, इस बिल के बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

मंत्री ने बताया कि सरकार ने इस मुद्दे पर 80 प्रतिशत से ज्यादा राजनीतिक दलों से चर्चा की है और कोशिश है कि यह बिल सर्वसम्मति से पास हो।

वहीं, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस मुद्दे पर ऑल पार्टी मीटिंग बुलाने की मांग की है। उनका कहना है कि कांग्रेस पार्टी महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है लेकिन सभी दलों की राय लेना जरूरी है।

इससे पहले कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सरकार को पत्र लिखकर सुझाव दिया था कि विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद संसद सत्र बुलाया जाए।

महिला आरक्षण बिल पास होने पर संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। लंबे समय से लंबित इस बिल को लेकर अब सरकार सक्रिय नजर आ रही है।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सदन में सरकार के विधायी एजेंडे पर स्पष्टता मांगी। इसके जवाब में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि आज राज्यसभा में पहले दो महत्वपूर्ण बिलों पर चर्चा और पारित करने की प्रक्रिया होगी। आज आंध्र प्रदेश पुनर्गठन संशोधन विधेयक और जन विश्वास संशोधन विधेयक पर चर्चा हो रही है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement