मां विंध्यवासिनी मंदिर में घटाभिषेक शुरू, दो घंटे तक चलेगी विशेष धुलाई व्यवस्था | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मां विंध्यवासिनी मंदिर में घटाभिषेक शुरू, दो घंटे तक चलेगी विशेष धुलाई व्यवस्था

Date : 03-Apr-2026

 मीरजापुर, 03 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में विश्व प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी मंदिर में शुक्रवार को परंपरागत विधि-विधान के साथ घटाभिषेक की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। सुबह ठीक 10 बजे आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में दर्शन-पूजन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया, जिसके बाद पूरे मंदिर परिसर को विशेष अनुष्ठान के लिए तैयार किया गया।

घटाभिषेक शुरू करने से पहले सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर मंदिर का समस्त बिजली कनेक्शन काट दिया गया। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अनुष्ठान की शुरुआत हुई। नगर विधायक एवं तीर्थ पुरोहित रत्नाकर मिश्र ने सबसे पहले गंगा जल से भरा घड़ा मां विंध्यवासिनी के चरणों में अर्पित कर घटाभिषेक का शुभारंभ किया।

परंपरा के अनुसार, इस दौरान हजारों की संख्या में स्थानीय श्रद्धालु मिट्टी के घड़ों में गंगा जल भरकर मंदिर परिसर की धुलाई करते हैं। लगभग दो घंटे तक चलने वाले इस विशेष अनुष्ठान में भक्तजन पूरे श्रद्धा भाव से भाग लेते हुए मंदिर को पवित्र करते हैं। मंदिर परिसर में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है। मंदिर प्रशासन के अनुसार, घटाभिषेक और साफ-सफाई की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद दोपहर में राजश्री आरती संपन्न कराई जाएगी। इसके पश्चात दोपहर 1:30 बजे मंदिर को पुनः श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन के लिए खोल दिया जाएगा।

घटाभिषेक को लेकर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और अनुष्ठान शांतिपूर्वक संपन्न हो सके।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement