03 अप्रैल नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया कि रेलवे बोर्ड ने पूर्वी तट रेलवे जोन से सात रेलवे स्टेशनों को विशाखापत्तनम स्थित दक्षिणी तट रेलवे जोन (एससीओआर) में स्थानांतरित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से जानकारी दी कि ये स्टेशन खुर्दा डिवीजन के अंतर्गत इच्छपुरम और पलासा के बीच स्थित हैं। इस संबंध में आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम के लोगों की ओर से श्री नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड को अनुरोध पर विचार करने और आवश्यक आदेश जारी करने के लिए आभार व्यक्त किया।
