03 अप्रैल शिक्षा मंत्रालय ने यूजीसी की सलाह पर राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) को एक अलग श्रेणी के अंतर्गत विश्वविद्यालय विलेखित संस्थान घोषित किया है। अपने वक्तव्य में मंत्रालय ने बताया कि एनसीईआरटी को विश्वविद्यालय विलेखित संस्थान का दर्जा देने के लिए यूजीसी पोर्टल पर एक ऑनलाइन आवेदन अपलोड किया गया था। मंत्रालय ने आगे कहा कि यूजीसी विशेषज्ञ समिति की सिफारिश पर विचार किया गया और आयोग ने उसे मंजूरी दे दी। मंत्रालय ने एनसीईआरटी को अनुसंधान कार्यक्रमों के साथ-साथ डॉक्टरेट और नवाचारी शैक्षणिक कार्यक्रमों को शुरू करने के लिए उचित कदम उठाने का निर्देश भी दिया।
एनसीईआरटी एक स्वायत्त संगठन है जिसकी स्थापना 1961 में सरकार द्वारा स्कूली शिक्षा में गुणात्मक सुधार के लिए नीतियों और कार्यक्रमों पर केंद्र और राज्य सरकारों को सहायता और सलाह देने के लिए की गई थी। एनसीईआरटी और इसकी घटक इकाइयों के प्रमुख उद्देश्य स्कूली शिक्षा से संबंधित क्षेत्रों में अनुसंधान करना, उसे बढ़ावा देना और समन्वय करना, आदर्श पाठ्यपुस्तकें, पूरक सामग्री, समाचार पत्र, पत्रिकाएँ आदि तैयार करना और प्रकाशित करना है।
